आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
🌈 सगड़ी में होली मिलन समारोह में उमड़ा जनसैलाब, फगुआ-चौताल की गूंज से रंगा माहौल
आजमगढ़। सगड़ी क्षेत्र के रोहुवार बैदौली स्थित छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज रोहुआर बैदौली परिसर में एस.पी. पटेल फाउंडेशन द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह शानदार और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। रंग, अबीर और गुलाल के बीच लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सगड़ी विधायक डॉ. एच. एन. सिंह पटेल ने की, जबकि संयोजन डॉ. रामविलास सिंह पटेल ने संभाला। संचालन सत्य प्रकाश सिंह ने किया।
समारोह की शुरुआत बिरहा गायक धर्मेंद्र सोलंकी और बिरहा गायिका खुशी यादव ने लोकगीत और होली गीतों से की। फगुआ, जोगीरा और चौताल की प्रस्तुतियों पर श्रोता देर तक झूमते रहे। विधायक डॉ. पटेल ने भी कलाकारों के साथ चौताल गाकर समां बांध दिया।
इस दौरान विधायक ने दोनों कलाकारों को माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि फगुआ और चौताल जैसी लोक विधाएं धीरे-धीरे लुप्त होती जा रही हैं, नई पीढ़ी को इन्हें सहेजने और आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
संयोजक डॉ. रामविलास सिंह पटेल ने सभी अतिथियों और क्षेत्रवासियों का आभार जताया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोगों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे आयोजन में सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश स्पष्ट दिखाई दिया।