आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 15 अप्रैल-- कोविड-19 के दृष्टिगत जिलाधिकारी नागेन्द्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समस्त एसडीएम व खण्ड विकास अधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई।
समस्त विकास खण्डों के ग्राम पंचायतों में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, एएनएम व कोरोना वारियर्स द्वारा सर्वे का कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने समस्त एसडीएम व बीडीओ को निर्देश दिये कि विशेष सावधानी क्षेत्र के अन्तर्गत ग्रामीण क्षेत्र में सर्वे के कार्य को वैज्ञानिक पद्धति के अनुसार कराना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने एसडीएम को निर्देश दिये कि यह सुनिश्चित करंे कि सर्वे में जो व्यक्ति सर्दी, खांसी, बुखार, श्वास से संबंधित चिन्हित किये गये हैं, उनका ईलाज एमओआईसी के माध्यम से करायें।
इसी के साथ ही साथ इस तरीके से डाटा तैयार करायंे कि ऐसा कोई व्यक्ति जिनको किसी भी योजना का लाभ नही मिल रहा हो, छूटना नही चाहिए। यह भी सुनिश्चित करें कि उस व्यक्ति को राशन मिलता रहे, जबतक कि राशन कार्ड नही बन जाता।
जिलाधिकारी ने बताया कि लाकडाउन की अवधि बढ़ गयी है। जिलाधिकारी ने ग्राम आपदा समितियों के सदस्यों को निर्देश दिये गये हैं कि वह अपने-अपने ग्रामों में यह सुनिश्चित करायें कि उनके ग्राम में सरकार की योजनाओं के सम्बन्ध में लाभार्थियों का क्या फीडबैक है और ग्राम आपदा समिति के सदस्य लाभार्थी से स्वयं सम्पर्क कर यह सुनिश्चित करें कि सरकार द्वारा जन धन के खाते में 500 रू0 एवं शहरी ग्रामीण निराश्रित व पंजीकृत श्रमिकों के खाते में 1000 रू0 भेजा गया था तथा समस्त पेंशन योजनाओं की धनराशि लाभार्थियों के खाते में पहुंचा है कि नही। इसी के साथ ही साथ यह भी देखें कि जिन लाभार्थियों का खाता गलत होने के कारण पैसा नही पहुॅचा है, उनके बैंक खातों का ठीक कराकर लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने ग्राम आपदा समिति के सदस्यों को अवगत कराया है कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अन्तर्गत 15 अप्रैल से 25 अप्रैल तक प्रत्येक अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी के परिवारों को प्रति यूनिट 05 किग्रा चावल निःशुल्क वितरण किया जा रहा है। इस सम्बन्ध में आपदा समिति के सदस्य चावल का वितरण उचित दर विक्रेता दुकानों द्वारा रोस्टरवार 50 की संख्या में लाभार्थियों को राशन वितरित करायंे। यदि चावल का वितरण ठीक प्रकार से नही होता है तो इसके लिए तहसील स्तर पर उप जिलाधिकारी व ब्लाक स्तर पर खण्ड विकास अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
जिलाधिकारी ने समस्त एसडीएम व खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देेश दिये कि जो सामाजिक संगठन जरूरतमंद लोगों को खाद्यान्न वितरण करना चाहते हैं, उनसे पोषण बैंक बनवाना सुनिश्चित करें, पोषण बैंक में सामाजिक संगठनों द्वारा प्राप्त किये गये राशन का पैकेट बनाकर कर्मचारियों के माध्यम से जरूरतमंदों में वितरित कराना सुनिश्चित करें। इसी के साथ ही साथ जिलाधिकारी ने समस्त एसडीएम को निर्देश दिये कि अपने संबंधित तहसील क्षेत्रों में कृषि बीज/रसायन की दुकानें, कृषि यंत्रों एवं पेट्रोल पम्पों के पास वाहनों में हवा भरने व पंचर बनाने की दुकान खुलवायें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला, मुख्य राजस्व अधिकारी हरी शंकर, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 गुरू प्रसाद सहित समस्त एसडीएम व संबंधित खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।