Breaking News

दिवंगत सफाईकर्मी अशोक कुमार को श्रद्धांजलि, परिवार को 1.32 लाख की आर्थिक सहायता


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

अजमतगढ़, आजमगढ़। विकासखंड अजमतगढ़ के सभागार में सोमवार, 17 अगस्त को दिवंगत सफाईकर्मी अशोक कुमार की स्मृति में शोकसभा आयोजित की गई। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

अशोक कुमार ग्राम पंचायत अहिरौली में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत थे। बीते 9 अगस्त को बीमारी के कारण उनका निधन हो गया था। उनके निधन से सफाई कर्मचारी संगठन और सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई।

शोकसभा के बाद सफाई कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उनके ग्राम समुन्दरपुर के राजस्व गांव आलमपुर पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। संगठन की ओर से दिवंगत सफाईकर्मी के परिवार को 1 लाख 32 हजार 500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

इस अवसर पर एडीओ पंचायत सुभाष चंद्र शर्मा, सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय यादव, महामंत्री राजेश कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष मान सिंह, सभापति चौहान, सूर्यभान राम, फैजान खान, मंगल पाठक, धर्मेंद्र कुमार सहित समस्त सेक्टर प्रभारी एवं सैकड़ों सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

संगठन के इस सहयोग से दिवंगत कर्मचारी के परिवार को आर्थिक संबल मिला। उपस्थित कर्मचारियों ने कहा कि अशोक कुमार के निधन से संगठन ने एक समर्पित साथी खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस होगी।

और नया पुराने