आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आज़मगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र के आसपुर गांव निवासी राम नगीना सिंह के घर आयोजित रामायण पाठ में भक्ति और आस्था का विशेष माहौल देखने को मिला। इस धार्मिक आयोजन में साधु-संतों का समागम हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से हिस्सा लेकर प्रसाद ग्रहण किया।
राम नगीना सिंह स्वयं को सुभाष पंथी बताते हैं और उनके विचार सुभाष चंद्र बोस से गहराई से प्रभावित हैं। उनका दावा है कि उन्होंने नेताजी की सेवा की और उनके साथ समय बिताया, जिसके चलते उन्होंने उनके विचारों को अपने जीवन में पूरी तरह आत्मसात किया है। यही कारण है कि वे नेताजी को अपनी आराध्य शक्ति मानते हैं।
राम नगीना सिंह ने एक दिलचस्प दावा करते हुए बताया कि उन्होंने अपने चारों बच्चों के नाम पहले से तय कर लिए थे और संयोगवश उनके घर चारों पुत्र ही जन्मे, जिनका नामकरण उसी अनुसार किया गया। वे इसे अपने गुरु महाराज की कृपा मानते हैं।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बच्चों के नाम नेताजी के विचारों से प्रेरित होकर रखे गए हैं, ताकि आने वाली पीढ़ी भी उनके बताए मार्ग पर चल सके। कार्यक्रम के दौरान पूजा-पाठ, भजन और सत्संग का माहौल बना रहा।