आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
सगड़ी। अजमतगढ़ ब्लॉक सभागार में मंगलवार को शिक्षक क्रिकेट टीम की ओर से शैक्षिक संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा की गुणवत्ता, शिक्षक की भूमिका, विद्यालयों के कायाकल्प और बालिकाओं की शिक्षा सहित विभिन्न विषयों पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश के पूर्व संयुक्त सचिव वेद प्रकाश राय, विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मनीष कुमार मिश्र, गोरखपुर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अरविंद जायसवाल, डायट प्राचार्य चंदन कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक और खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश यादव ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि वेद प्रकाश राय ने कहा कि मेहनत और लगन से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। शिक्षक समाज का आईना होता है और देश को आगे बढ़ाने में उसकी अहम भूमिका होती है। शिक्षक के पढ़ाए हुए छात्र आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, पायलट और राजनेता बनते हैं। शिक्षक राष्ट्र निर्माणकर्ता की भूमिका निभाता है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाए और शासन की ओर से संचालित योजनाओं का सही ढंग से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में समय सारिणी के अनुसार कक्षाओं का संचालन होना चाहिए। बच्चों को प्रतिदिन गृहकार्य दिया जाए और नियमित रूप से उसकी जांच भी की जाए। उन्होंने विद्यालयों में बच्चों को मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश यादव ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के साथ विद्यालयों में आने वाली कठिनाइयों का समय रहते समाधान किया जाना जरूरी है। बच्चों के सीखने और सिखाने की प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली सामाजिक एवं भौगोलिक परिस्थितियों की पहचान कर उनका समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2026 तक विकास क्षेत्र अजमतगढ़ को निपुण बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता शिक्षक में होती है। यदि बच्चे बुनियादी स्तर पर भाषा और गणित में दक्ष होंगे, तभी वे आगे की शिक्षा को बेहतर ढंग से ग्रहण कर सकेंगे।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मनीष कुमार मिश्र ने कहा कि अजमतगढ़ ब्लॉक के 163 विद्यालयों का कायाकल्प योजना के तहत सुंदरीकरण कराया गया है। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र के विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं और शिक्षक भी अपने कर्तव्यों का सही ढंग से निर्वहन कर रहे हैं।
गोरखपुर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अरविंद जायसवाल ने कहा कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने महिलाओं की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, उन्हें केवल प्रोत्साहन और हौसला अफजाई की जरूरत है। पहले कई परिवार बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाने से हिचकते थे, लेकिन आज महिलाएं उच्च शिक्षा हासिल कर हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं।
कार्यक्रम को संतोष यादव, अभिनव राय, अखिलेश यादव, पंकज चौधरी, शुभम राय, गौरव राय, संतोष कुमार, विमल प्रकाश, कमल नयन यादव, अजय यादव, बलवीर सिंह, शिखर राय, चंदन सिंह, मुकेश सिंह, उमेश यादव, अभिषेक राय, रमेश शर्मा, सुरेंद्र कुमार, सुजीत कुमार, धीरज राय, योगेंद्र पाल, राजेंद्र मौर्य, केदार यादव, सतीश सिंह पटेल, रहमतुल्लाह, जसवंत कुमार, विपिन प्रजापति, जितेंद्र राय, संजय यादव, प्रदीप तिवारी, प्रदीप राय, दिनेश पांडेय, लक्ष्मी नारायण माथुर, प्रीति सिंह, अवधेश यादव, होमा परवीन, धनंजय सिंह, प्रदीप प्रजापति, नीरज यादव, जगदीश श्रीवास्तव और विजय प्रजापति आदि ने संबोधित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश यादव ने की, जबकि संचालन डॉ. हरिकेश मिश्र ने किया।