बूथवार जातिगत सूची तैयार करने के निर्देश, खाद-बीज की किल्लत पर आंदोलन की चेतावनी
आजमगढ़। सगड़ी विधानसभा क्षेत्र के लाटघाट स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर शुक्रवार को सपा सगड़ी इकाई की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एवं संचालन विधानसभा अध्यक्ष जगदीश यादव ने किया।
बैठक में विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में छूटे हुए लोगों के नाम शामिल कराने को लेकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया। साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सभी बूथ प्रभारियों को बूथवार जातिगत सूची तैयार कर जल्द से जल्द संगठन को उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में किसानों को खाद और बीज नहीं मिलने की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि किसानों को समय से खाद-बीज उपलब्ध नहीं कराया गया तो समाजवादी पार्टी इसके विरोध में आंदोलन करेगी।
वक्ताओं ने शिक्षक एमएलसी चुनाव में सपा की जीत को पार्टी के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी को सभी जाति और वर्ग के लोगों को साथ लेकर चलना होगा। इसके लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता से जुटने पर जोर दिया गया।
बैठक में जयराम सिंह पटेल, उधम सिंह राठौर, मुस्तकीम, संजय सिंह पटेल, रमेश शर्मा, योगेंद्र पासवान, दुर्ग विजय राम, हरेंद्र यादव, अनिरुद्ध पटेल, राजेश यादव, हरीकेश यादव, संजय मौर्य, सुभाष यादव, रामबेलास यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।