आजमगढ़। कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर शस्त्र लाइसेंस और अन्य सरकारी लाभ हासिल करने के मामले में निजामाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से लाइसेंसी 32 बोर की रिवाल्वर, 33 जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस के साथ आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड बरामद किए हैं। आरोपी को मुंबई की अदालत से ट्रांजिट रिमांड लेकर आजमगढ़ लाया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को थाना निजामाबाद पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम मिर्जापुर निवासी मिर्जा अयाज बेग और उसके सहयोगियों द्वारा बाहर रहने वाले लोगों को गांव का निवासी दर्शाकर कूटरचित दस्तावेज तैयार कराए जाते हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर शस्त्र लाइसेंस समेत अन्य सरकारी लाभ दिलाने के एवज में मोटी रकम लिए जाने की जानकारी मिली थी।
सूचना के आधार पर जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि वर्तमान में मुंबई के अंधेरी वेस्ट में रहने वाले मो. इबराक खान पुत्र इमदाद खान को ग्राम मिर्जापुर का निवासी दर्शाते हुए परिवार रजिस्टर, विद्यालय अभिलेख और अन्य दस्तावेज तैयार कराए गए। इन्हीं अभिलेखों के आधार पर उसके नाम वर्ष 2010 में रिवाल्वर का शस्त्र लाइसेंस जारी कराया गया था।
इस मामले में 29 सितंबर को थाना निजामाबाद में मु0अ0सं0 245/2026 के तहत धारा 61(2), 318(4), 336(3), 338, 340(2) बीएनएस और 29/30 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।
मुंबई पहुंचकर पुलिस ने की गिरफ्तारी
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उच्चाधिकारियों से अनुमति लेने के बाद थाना निजामाबाद के अपराध निरीक्षक जयप्रकाश यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक चित्रांशु मिश्रा और पुलिस टीम 1 अक्टूबर को मुंबई पहुंची। थाना ओशिवरा पुलिस के सहयोग से टीम ने आरोपी के वर्तमान पते पर दबिश देकर इबराक खान (42) को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड बरामद हुए। इसके अलावा मुकदमे से संबंधित लाइसेंसी 32 बोर की एक रिवाल्वर, 33 जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस भी बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी को मुंबई के न्यायिक मजिस्ट्रेट, बांद्रा के समक्ष पेश किया, जहां से आजमगढ़ की अदालत में पेश करने के लिए ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया। इसके बाद 4 अक्टूबर को आरोपी को थाना निजामाबाद लाया गया।
जांच में कई अहम तथ्य सामने आए
पुलिस की जांच में सामने आया कि मो. इबराक खान के नाम शस्त्र लाइसेंस संख्या 315/2010 ग्राम मिर्जापुर के पते पर 22 जनवरी 2010 को जारी हुआ था। इस लाइसेंस के लिए इस्तेमाल किए गए जूनियर हाईस्कूल के स्थानांतरण प्रमाणपत्र, परिवार रजिस्टर की नकल समेत अन्य अभिलेखों के कूटरचित होने की जानकारी सामने आई है।
जांच में यह भी पता चला कि इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर आधार कार्ड, वोटर आईडी समेत अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज तैयार कराए गए। पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में इबराक ने मुंबई के अस्थायी पते पर गजट के माध्यम से अपना नाम बदलकर मो. इबराक खान पुत्र इमदाद खान कराया, जबकि इसी नाम से वर्ष 2010 में शस्त्र लाइसेंस जारी होने की जानकारी जांच में मिली है।
दूसरे व्यक्ति के नाम भी सामने आया शस्त्र लाइसेंस
जांच के दौरान शाहिद मोहम्मद खान पुत्र मोहम्मद सईद खान, निवासी अंधेरी वेस्ट, मुंबई के नाम भी वर्ष 2010 में शस्त्र लाइसेंस संख्या 314/2010 ग्राम मिर्जापुर के पते पर जारी होने की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार इस लाइसेंस के संबंध में भी कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल की जांच की जा रही है।
पुलिस ने यह भी बताया कि मो. इबराक खान और शाहिद मोहम्मद खान के नाम SIR (Special Intensive Revision) Voter List-2026 में ग्राम मिर्जापुर के पते पर दर्ज मिले हैं। हालांकि ग्राम प्रधान की वर्तमान रिपोर्ट, परिवार रजिस्टर और अन्य अभिलेखों के आधार पर दोनों का ग्राम मिर्जापुर का निवासी होना नहीं पाया गया।
मिर्जा अयाज बेग की भूमिका भी जांच के घेरे में
जांच में ग्राम मिर्जापुर निवासी मिर्जा अयाज बेग पुत्र मिर्जा मिनहाज बेग की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार उस पर बाहरी लोगों को ग्राम मिर्जापुर का निवासी दर्शाकर कूटरचित दस्तावेज तैयार कराने और शस्त्र लाइसेंस समेत अन्य सरकारी लाभ दिलाने में सहयोग करने का आरोप है।
जांच में मिर्जा अयाज बेग, उसकी पत्नी, पुत्र और भाइयों सहित परिवार से जुड़े लोगों के नाम पर कुल आठ शस्त्र लाइसेंस होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस मामले में उसकी भूमिका और अन्य संलिप्त लोगों की जांच कर रही है तथा संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
बरामदगी
- 32 बोर की एक रिवाल्वर
- 32 बोर के 33 जिंदा कारतूस
- 32 बोर के दो खोखा कारतूस
- एक आधार कार्ड
- एक ड्राइविंग लाइसेंस
- एक पैन कार्ड
गिरफ्तारी करने वाली टीम में अपराध निरीक्षक जयप्रकाश यादव, उपनिरीक्षक चित्रांशु मिश्रा, मुख्य आरक्षी धर्मेन्द्र कुमार यादव और कांस्टेबल शाश्वत त्रिपाठी शामिल रहे।
पुलिस के मुताबिक मामले में विवेचना जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य आरोपियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।