साइबर सेल और सिधारी पुलिस ने आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम, 1930 पर तत्काल शिकायत करने की दी जानकारी
आजमगढ़। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए शुक्रवार को सिधारी थाना क्षेत्र के चण्डेश्वर स्थित हेन्टल मेडिकल कॉलेज में संचालित 99 यूपी बीएन एनसीसी CATC-328 में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। साइबर सेल आजमगढ़ और थाना सिधारी पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे एनसीसी कैडेट्स को साइबर अपराध के बदलते स्वरूप और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक रवि प्रकाश गौतम ने कैडेट्स को सोशल मीडिया का सावधानी से इस्तेमाल करने तथा अनजान लिंक, कॉल और मैसेज पर भरोसा नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
साइबर सेल के आरक्षी सत्येन्द्र यादव ने फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट, सोशल इंजीनियरिंग, सोशल मीडिया हैकिंग, QR कोड और बारकोड, APK फाइल, फर्जी वेबसाइट, हनी ट्रैप, सिम कार्ड तथा एटीएम, डेबिट और क्रेडिट कार्ड से जुड़े साइबर फ्रॉड के बारे में जानकारी दी।
वहीं आरक्षी राहुल सिंह ने फर्जी कॉल, अनजान WhatsApp वीडियो कॉल, ऑनलाइन लोन एप, सोशल मीडिया के जरिए रुपयों की मांग, फर्जी कस्टमर केयर नंबर और UPI फ्रॉड से बचने के तरीके बताए।
इटौरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रंजन कुमार ने साइबर अपराध की शिकायत के लिए www.cybercrime.gov.in पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 1930 के उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने साइबर अपराध के बदलते तौर-तरीकों के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता बताई।
पुलिस के मुताबिक कार्यक्रम का उद्देश्य एनसीसी कैडेट्स को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करना और उन्हें ऑनलाइन ठगी से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी देना था। कार्यक्रम में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक रवि प्रकाश गौतम, इटौरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रंजन कुमार, आरक्षी सत्येन्द्र यादव और कांस्टेबल राहुल सिंह मौजूद रहे। 99 यूपी बीएन एनसीसी CATC-328 के लेफ्टिनेंट डॉ. धीरेन्द्र कुमार गुप्ता ने पुलिस टीम का आभार जताया।