Breaking News

हाईवे किनारे खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़ के चार थाना क्षेत्रों की घटनाओं का खुलासा, पिकअप, फर्जी नंबर प्लेट, 50 लीटर डीजल, 14 जरीकेन और 9500 रुपये बरामद

आजमगढ़। थाना गम्भीरपुर पुलिस ने हाईवे किनारे खड़े ट्रकों और अन्य वाहनों से डीजल चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित आजमगढ़ के गम्भीरपुर, निजामाबाद, मुबारकपुर और कप्तानगंज थाना क्षेत्रों में डीजल चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं। आरोपितों के कब्जे से एक पिकअप वाहन, कूटरचित नंबर प्लेट, डीजल चोरी करने के उपकरण, 50 लीटर डीजल, 14 खाली जरीकेन और 9500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर की रात ग्राम थनौली के पास प्रधान बिल्डिंग मैटेरियल के सामने खड़े ट्रक से करीब 150 लीटर डीजल चोरी किया गया था। ट्रक मालिक अरविंद यादव की तहरीर पर थाना गम्भीरपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। विवेचना के दौरान आरोपितों के नाम प्रकाश में आने के बाद पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।

5 अक्टूबर को उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, अश्वनी मिश्रा और योगेश कुमार सरोज पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान रोहुआ तिराहे पर सूचना मिली कि डीजल चोरी करने वाला गिरोह पिकअप वाहन में जरीकेन और चोरी के उपकरण लेकर बरवां मोड़ के पास हाईवे किनारे मौजूद है।

सूचना पर पुलिस टीम ने बरवां मोड़ के पास घेराबंदी कर पिकअप वाहन को रोक लिया। वाहन में सवार चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शैलेन्द्र राजभर निवासी बाऊडीह, थाना मधुबन, मऊ, अक्षय कुमार निवासी बहोरनपुर, थाना मधुबन, मऊ, चन्द्रिका निवासी रसूलपुर आश्रम, थाना दोहरीघाट, मऊ और संजय कुमार निवासी गोपालपुर, थाना गोला, गोरखपुर के रूप में हुई।

फर्जी नंबर प्लेट लगाकर करते थे वारदात

पुलिस ने बताया कि पिकअप पर UP54AT7843 की कूटरचित नंबर प्लेट लगी थी। ई-चालान ऐप पर जांच करने पर यह नंबर एक ई-रिक्शा के नाम पंजीकृत मिला। चेसिस नंबर के आधार पर जांच की गई तो पिकअप का वास्तविक नंबर UP54AT7343 निकला, जो आरोपित अक्षय कुमार के नाम पंजीकृत है।

पिकअप की तलाशी में एक प्लास्टिक पाइप, हथौड़ी, छेनी, करीब 50 लीटर डीजल से भरा जरीकेन और 14 खाली जरीकेन बरामद हुए। आरोपितों की तलाशी में 9500 रुपये नकद भी मिले।

पूछताछ में चार घटनाओं का खुलासा

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपितों ने 2 अक्टूबर को थनौली के पास ट्रक से करीब 150 लीटर डीजल चोरी करने की बात स्वीकार की। इसमें से करीब 50 लीटर डीजल बरामद किया गया।

इसके अलावा आरोपितों ने 29 सितंबर को निजामाबाद क्षेत्र के नेवादा के पास ट्रक से करीब 20 लीटर डीजल और रिंच चोरी करने की बात बताई। वहीं 2 अगस्त को मुबारकपुर क्षेत्र के लोहरा सिक्स लेन के पास खड़े ट्रेलर से करीब 250 लीटर डीजल तथा उसी दिन कप्तानगंज क्षेत्र के तेरही गांव के पास हाईवे किनारे खड़े वाहन से करीब 360 लीटर डीजल चोरी करने की बात भी पुलिस को बताई।

पुलिस ने इन घटनाओं से संबंधित मामलों का अनावरण करते हुए चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और अन्य जनपदों में हुई ऐसी घटनाओं से उनके संबंधों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपितों में अक्षय कुमार का आपराधिक इतिहास सबसे लंबा बताया गया है। उसके खिलाफ मऊ, बलिया, गाजीपुर और गोरखपुर समेत विभिन्न थानों में चोरी, लूट/बरामदगी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, आबकारी अधिनियम सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपितों के खिलाफ भी आजमगढ़ और आसपास के जनपदों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस ने चारों के खिलाफ थाना गम्भीरपुर में दर्ज मुकदमे में धारा 303(2), 317(2), 317(4), 338, 340(2) और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।

बरामदगी

  • एक पिकअप वाहन व कूटरचित नंबर प्लेट
  • एक प्लास्टिक पाइप
  • एक हथौड़ी और एक छेनी
  • करीब 50 लीटर डीजल
  • 14 खाली जरीकेन
  • 9500 रुपये नकद

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, अश्वनी मिश्रा, योगेश कुमार सरोज तथा कांस्टेबल शोएब, शिवराम सरोज, अजीत पटेल और मिथिलेश यादव शामिल रहे।

और नया पुराने