Breaking News

शहीद करबला की याद में चेहल्लुम का जुलूस एवं मजलिस।

आज़मगढ़।

सरायमीर . शहीद कर्बला के याद में चेहल्लुम के जुलूस एवं मजलिस के लिए  क्षेत्र के शिया समुदाय के लोग सुबह 6 बजे कस्बा सरायमीर के चौक स्थित इमामबाड़ा तसकीने जैनब एकत्रित होकर मजलिस किये। मजलिस को सम्बोधित करते हुए मौलाना मासूम असगर ने कहा कि हजरत इमाम हुसैन ने 1400 वर्ष पूर्व कर्बला के मैदान में जो पैगाम दिया था आज हमारे देश के लोगों को उसको समझने और सिखने की आवश्यकता है। 

मजलिस के बाद ताबूत अलम ताजिया व जुल्जनाह के साथ जुलूस निकलकर मेन चौक पर पहुंचा वहां मौलाना शौकत रिजवी ने अपने सम्बोधन में कहा कि इमाम हुसैन इंसानियत के सबसे कीमती सामान का नाम है। संसार में जितनी अज़ीम हस्ती गुजरी है और सभी धर्म के जो आइडियल है अगर उनको इकठ्ठा किया जाए तो इमाम हुसैन के अंदर सब कुछ पाई जाती है । जुलूस चौक से निकलकर पुराना थाना होते हुए सेराजी का पूरा रौजा सैय्यद अली आशकान पहुंचा वहां पर  सम्बोधित करते हुए मौलाना सैय्यद जुल्फिकार हैदर ने कहा कि अली की बेटी जनाब जैनब ने यजीद के दरबार में जो सम्बोधन किया वह बातिल ताकतों को आईना दिखाने के साथ साथ हुसैनी मिशन की कामयाबी और दीन ए मोहम्मदी के उसूलों की जीत का ऐलान है। रौजा अली आशकान से जुलूस मेन रोड पहुंचा जहां पर हजारों की संख्या में गम का प्रतीक काले लिबास पहने बच्चे, पुरुष व महिलाओं ने लब्बैक या हुसैन की आवाज बुलंद की जिससे पूरा नगर गूंज उठा ।मेन रोड पर मौलाना शाबिर अब्बास ने अपने संबोधन में विस्तार से इमाम हुसैन की शहादत को बताया। उसके बाद लगभग शाम पांच बजे जुलूस ग्राम खरेवां स्थित सदर इमाम बाड़ा पहुंचा जहां पर क्रमवार 72 शहीदों का ताबूत बरामद हुआ। जिसका मौलाना सैय्यद जीशान अली ने परिचय कराते हुए उनपर होने वाले जुल्म व उनके दर्दनाक शहादत को बताया तो हजारों की संख्या में मौजूद अजादार रोने लगे। जुलूस में अंजुमन गुलशन ए इस्लाम अम्बेडकर नगर, अंजुमन फिर्दोसिया गोपालपुर बिहार, अंजुमन गुन्चये अब्बासिया जौनपुर, अंजुमन हुसैनिया जलालपुर, अंजुमन अजादारीया हुसैनाबाद ने नोहा मातम कर खेराजे अकीदत पेश किया। जुलूस का संचालन सागर आजमी  व सहर अर्शी जौनपुरी ने किया। चेहल्लुम के ताजिया जुलूस को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए भारी संख्या में पुरुष व महिला आरपीएफ  फोर्स के साथ थानाध्यक्ष सरायमीर मनोज कुमार सिंह, एसआई राजीव कुमार यादव, अखिलेश चन्द पाण्डे, रहीमुद्दीन जुलूस के साथ चलते रहे । अंत में शिया कमेटी के अध्यक्ष सय्यद कायम रज़ा व शिया कमेटी के मीडिया प्रभारी ने सभी का आभार व्यक्त किया ।

रिपोर्ट: मोहम्मद यासिर 

और नया पुराने