लखनऊ/आजमगढ़। सगड़ी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. एच. एन. सिंह पटेल ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव के श्रद्धांजलि समारोह में पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
विधायक डॉ. एच. एन. सिंह पटेल ने कहा कि परिवार पर दुख की इस घड़ी में पूरा समाजवादी परिवार साथ खड़ा है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि ईश्वर परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।
उन्होंने आगे बताया कि सगड़ी विधानसभा क्षेत्र के रौनापार स्थित अंबेडकर पार्क में आयोजित होने वाला विशाल गन्ना पंचायत कार्यक्रम भी स्थगित कर दिया गया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आज़मगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव शामिल होने वाले थे।
डॉ. एच. एन. सिंह पटेल ने कहा कि परिवार में हुए इस आकस्मिक निधन के कारण कार्यक्रम को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि नई तिथि की घोषणा जल्द की जाएगी।
इस घटना के बाद समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर देखी जा रही है।