Breaking News

नेहा मिश्रा ने संभाला लालगंज एसडीएम का पदभार, सुशासन और पारदर्शी प्रशासन को बताया प्राथमिकता


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: अंजनी राय

लालगंज (आजमगढ़)। लालगंज तहसील में शनिवार को नवागत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) नेहा मिश्रा ने पदभार ग्रहण कर लिया। इससे पूर्व यहां तैनात उपजिलाधिकारी नंदिनी शाह का स्थानांतरण प्रयागराज कर दिया गया है।

गोंडा जनपद से स्थानांतरित होकर आजमगढ़ आईं नेहा मिश्रा को लालगंज तहसील का नया उपजिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वर्ष 2020 बैच की पीसीएस अधिकारी नेहा मिश्रा ने प्रदेश स्तर पर दसवीं रैंक प्राप्त की थी।

पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना, पीड़ितों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

उन्होंने कहा कि तहसील क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को सरल, पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध कराया जाएगा। शासन की मंशा के अनुरूप राजस्व मामलों का समयबद्ध निस्तारण, जनता को त्वरित एवं निष्पक्ष न्याय तथा जनशिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

नवागत एसडीएम ने कहा कि आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर उनका विधिसम्मत निस्तारण किया जाएगा। सुशासन, पारदर्शिता और जनविश्वास को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।

और नया पुराने