Breaking News

17 साल की उम्र में NEET फतह: पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर अग्रिम यादव ने बढ़ाया मऊ का मान


मऊ।

रिपोर्ट: वीर सिंह

यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत ईमानदार हो और परिवार का साथ मिले, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।" — अग्रिम यादव (मनी)

NEET परीक्षा में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल करने पर अग्रिम यादव उर्फ मनी को परिजनों और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं से सम्मानित कर बधाई दी।

बरजला कोइरियापार (मऊ)। मेहनत, अनुशासन और परिवार के अटूट विश्वास के बल पर मऊ जिले के बरजला कोइरियापार निवासी अग्रिम यादव उर्फ मनी ने महज 17 वर्ष की उम्र में देश की प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण कर क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है।

अग्रिम यादव ने अपनी इंटरमीडिएट की शिक्षा कृष्णदेव इंटर कॉलेज, कोइरियापार (मऊ) से पूरी की। इसके बाद उन्होंने डॉक्टर बनने के अपने लक्ष्य को लेकर कोटा में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी शुरू की। कठिन परिश्रम, निरंतर अध्ययन और मजबूत संकल्प के बल पर उन्होंने पहले ही प्रयास में NEET परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

परिणाम घोषित होते ही घर में जश्न का माहौल बन गया। परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने अग्रिम को फूल-मालाओं से सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर बधाई दी। पूरे दिन शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा।

अग्रिम के पिता योगेंद्र यादव और माता मंशा यादव ने बेटे की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे परिवार के आशीर्वाद और उसकी कठिन मेहनत का परिणाम बताया। वहीं अग्रिम यादव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, नाना-नानी तथा परिवार के सभी सदस्यों को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग और मार्गदर्शन ने उन्हें लक्ष्य तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अग्रिम के नाना एवं पूर्व महाप्रधान राजेश यादव ने कहा कि उन्हें अपने नाती की इस उपलब्धि पर गर्व है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अग्रिम भविष्य में एक सफल डॉक्टर बनकर समाज के गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की सेवा करेंगे।
इस अवसर पर लालती देवी, खुशबू यादव, पूर्व महाप्रधान राजेश यादव, कुंदन सिंह (भावी प्रत्याशी जिला पंचायत क्षेत्र हरैया), तिलकधारी यादव, पिंटू यादव, विनोद यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और अग्रिम यादव को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

और नया पुराने