Breaking News

अयोध्या प्रकरण के विरोध में लेखपालों का धरना, मुख्यमंत्री को सौंपा तीन सूत्रीय ज्ञापन


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: अंजनी राय

लालगंज (आजमगढ़)। लेखपाल संघ तहसील इकाई लालगंज के पदाधिकारियों ने शनिवार को धरना देकर तहसीलदार उमेश कुमार सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संघ ने अयोध्या जिले की सोहावल तहसील में लेखपाल उत्कर्षदीप के खिलाफ एंटी करप्शन टीम की ओर से की गई ट्रैप कार्रवाई को फर्जी एवं षड्यंत्रपूर्ण बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

तहसील अध्यक्ष नवीन दुबे और तहसील मंत्री राहुल तोमर के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि प्रदेश में लेखपालों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संगठन द्वारा शिकायत की सत्यता और शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि की समुचित जांच किए बिना ट्रैप कार्रवाई की जा रही है। संघ ने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में जेब, वाहन या कार्यालय कक्ष में जबरन रुपये रखकर लेखपालों को फंसाने की कोशिश की जा रही है।

ज्ञापन में अयोध्या के सोहावल प्रकरण से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो का हवाला देते हुए घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की गई। संघ ने कहा कि इस प्रकरण से प्रदेशभर के लेखपालों में आक्रोश है। मामले की पुलिस जांच के बजाय स्वतंत्र एसआईटी से जांच कराने की मांग की गई।

संघ ने भविष्य में किसी भी ट्रैप कार्रवाई से पहले शिकायत की अनिवार्य रूप से जांच कराने तथा ट्रैप फर्जी साबित होने पर शिकायतकर्ता और दोषी अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। साथ ही विजिलेंस टीम के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।

लेखपाल संघ ने चेतावनी दी कि यदि निर्दोष लेखपालों को इसी तरह प्रताड़ित किया गया तो उनके लिए ईमानदारी से कार्य करना मुश्किल हो जाएगा। विरोध के तहत प्रदेश की सभी 351 तहसीलों में लेखपालों ने थाना दिवस का बहिष्कार करते हुए कलम-बंद हड़ताल की।

धरने के दौरान सुधीर गुप्ता, रोहित राजौरिया, संजय सिंह, संतोष कुमार, आशीष तिवारी, पूनम चौहान, आशीष भारती, विजय प्रजापति, राजेश सिंह, प्रमोद कुमार सहित बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।

और नया पुराने