Breaking News

जन्मदिन पर सेवा का संकल्प: अंकित चौरसिया ‘अक्की’ के जन्मदिन पर दर्जनों युवाओं ने किया रक्तदान


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: अंजनी राय

लालगंज, आजमगढ़। सामाजिक सेवा को जन्मदिन की खुशी से जोड़ते हुए लालगंज के हाईवे गार्डन मैरेज हॉल में अंकित चौरसिया ‘अक्की’ के जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दर्जनों युवाओं ने उत्साह के साथ रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद का संदेश दिया।

रक्तदान करने वालों में अबुलैश रहमानी, अश्वनी राय, राहुल यादव, सभाजित चौहान, राजिक आजमी, प्रशांत सिंह, आशीष मौर्या, आदित्य राय, 45 वर्षीय दिलीप सिंह समेत अन्य युवा शामिल रहे।

रक्तदान करने पहुंचे युवाओं ने कहा कि रक्तदान महादान है। दुर्घटना में घायल व्यक्ति, गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीज अथवा किसी अन्य जरूरतमंद के लिए समय पर उपलब्ध रक्त जीवन बचाने में अहम भूमिका निभाता है। इसी उद्देश्य से जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान कर युवाओं ने समाज को सकारात्मक संदेश दिया।

इस अवसर पर अंकित चौरसिया ‘अक्की’ ने कहा कि जन्मदिन की खुशी तभी सार्थक है, जब उसे समाज और जरूरतमंदों की सेवा से जोड़ा जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने जन्मदिन अथवा जीवन के विशेष अवसरों पर यथासंभव रक्तदान और अन्य जनसेवा के कार्यों में भाग लें।

उन्होंने कहा कि जनसेवा और जनहितकारी गतिविधियों का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने भी भविष्य में रक्तदान समेत अन्य सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया।


और नया पुराने