Breaking News

सोनूघाट-बरहज मार्ग की बदहाली पर मुरली मनोहर जायसवाल ने उठाई आवाज, गड्ढों में डाली गई गिट्टी


देवरिया।

रिपोर्ट: वीर सिंह

बरहज, देवरिया। सोनूघाट-बरहज मार्ग की लंबे समय से जर्जर स्थिति को लेकर बरहज विधानसभा के प्रभारी एवं समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी मुरली मनोहर जायसवाल ने आवाज उठाई। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों, विशेषकर बाइक सवारों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, मार्ग पर दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ था।

जनता से लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुरली मनोहर जायसवाल ने लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारी से वार्ता कर सड़क की स्थिति से अवगत कराया। उनकी पहल के बाद तत्काल राहत के तौर पर गड्ढों को भरने के लिए दो ट्रक गिट्टी गिराकर मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। इससे राहगीरों को फिलहाल कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

मुरली मनोहर जायसवाल ने कहा कि सड़क की बदहाली से क्षेत्र की जनता लंबे समय से परेशान थी। उन्होंने कहा कि यह किसी व्यक्ति के श्रेय का विषय नहीं, बल्कि जनता की समस्या और सामूहिक प्रयास का परिणाम है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब इस मार्ग से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का लगातार आवागमन होता है, तो सड़क की बदहाली पर समय रहते ध्यान क्यों नहीं दिया गया।

उन्होंने कहा कि गड्ढों में गिट्टी डालना केवल अस्थायी राहत है। सोनूघाट-बरहज मार्ग का स्थायी, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित निर्माण कराया जाना जरूरी है, ताकि क्षेत्र की जनता को लंबे समय तक राहत मिल सके।

मुरली मनोहर जायसवाल ने कहा, “जनता की समस्या जहां होगी, हमारी आवाज वहां होगी। हमें श्रेय नहीं, समाधान चाहिए।”

और नया पुराने