Breaking News

मुकेश राय ने थामा अपना दल (एस) का दामन, आम आदमी पार्टी से दिया इस्तीफा


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

सगड़ी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी और मालटारी निवासी मुकेश राय ने केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की मौजूदगी में ग्रहण की सदस्यता

आजमगढ़/मऊ। आजमगढ़ जनपद के सगड़ी विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी रहे मालटारी गांव निवासी मुकेश राय ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देकर अपना दल (एस) का दामन थाम लिया। मऊ जनपद के गोफा में आयोजित अपना दल (एस) के कार्यक्रम में उन्होंने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम में अनुप्रिया पटेल ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को शत-प्रतिशत स्ट्राइक रेट के लक्ष्य के साथ काम करने का मंत्र दिया। इसी दौरान विभिन्न दलों से आए करीब दो दर्जन लोगों ने अपना दल (एस) की सदस्यता ग्रहण की, जिनमें मुकेश राय भी शामिल रहे।

संगठन को मजबूत करने के लिए काम करने का संकल्प

अपना दल (एस) की सदस्यता ग्रहण करने के बाद मुकेश राय ने कहा कि उन्होंने पार्टी की विचारधारा, सामाजिक न्याय के मुद्दों और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व से प्रभावित होकर यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि वह सगड़ी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के संगठन को मजबूत करने तथा आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए काम करेंगे।

मुकेश राय ने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र के लोगों की आवाज को मजबूती से उठाना और सामाजिक न्याय की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने पार्टी की नीतियों के अनुरूप कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन विस्तार और जनहित के मुद्दों पर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।


2027 विधानसभा चुनाव पर पार्टी की नजर

गौरतलब है कि अपना दल (एस) के इस कार्यक्रम में अनुप्रिया पटेल ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर जोर देते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की बात कही। उन्होंने सामाजिक न्याय, आरक्षण और जातिगत जनगणना जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा।

मुकेश राय के अपना दल (एस) में शामिल होने से सगड़ी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो सकती है।

अब देखना होगा कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुकेश राय क्षेत्र में पार्टी के संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान में किस तरह की भूमिका निभाते हैं।

और नया पुराने