Breaking News

सगड़ी में लेखपालों का विरोध प्रदर्शन, 17 अक्टूबर से तहसील पर देंगे धरना


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

काली पट्टी बांधकर संपूर्ण समाधान दिवस पर किया काम, विभिन्न मांगों को लेकर जताई नाराजगी

सगड़ी (आजमगढ़)। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर शनिवार को जीयनपुर कोतवाली परिसर में में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान सगड़ी तहसील के लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। लेखपालों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए कार्य किया। संघ ने घोषणा की कि मांगें पूरी नहीं होने पर 17 अक्टूबर से सगड़ी तहसील परिसर में धरना दिया जाएगा।

लेखपाल संघ के नेता राम सागर सोनी के नेतृत्व में जुटे लेखपालों ने कहा कि उच्च न्यायालय में रिट याचिकाओं के निस्तारण से जुड़े मामलों में उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका दावा है कि प्रत्येक रिट के मामले में 10 से 15 हजार रुपये तक का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।

लेखपालों ने स्थानांतरण प्रक्रिया पर भी असंतोष जताया। उनका कहना है कि मेहनती लेखपालों को उनकी पसंद के अनुरूप स्थानांतरण का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा जनपद और तहसील मुख्यालयों के कार्यालयों तथा विभिन्न पटलों पर सहायक के रूप में लेखपालों से लिए जा रहे कार्यों से तत्काल मुक्त करने की मांग उठाई गई।

संघ ने अवैध कब्जों से जुड़े मामलों में लेखपालों के विरुद्ध की जाने वाली दंडात्मक कार्रवाई पर भी आपत्ति जताई। साथ ही अंश निर्धारण और खसरा फीडिंग के दौरान सामने आ रही तकनीकी समस्याओं के बावजूद कार्रवाई किए जाने का मुद्दा उठाया। इन समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर लेखपालों ने अतिरिक्त मंडल के बहिष्कार और ऑनलाइन रिपोर्टिंग का बहिष्कार करने की बात कही।

प्रदर्शन के दौरान संघ के संयोजक दिनेश कुमार, सहसंयोजक अंकित राय, जिलामंत्री उपेंद्र यादव सहित मनीष कुमार, रूपेश, हीरालाल, प्रकाश यादव, विपिन सिंह रघुवंशी, सुधीर जायसवाल, अमित गौड़, अबुहरेरा और रितु गौतम समेत दर्जनों लेखपाल मौजूद रहे। संघ ने स्पष्ट किया कि 17 अक्टूबर से सगड़ी तहसील पर प्रस्तावित धरने के माध्यम से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन आगे बढ़ाया जाएगा।

और नया पुराने