आंधी-बारिश में जगह-जगह पेड़ और बिजली के पोल धराशायी, टेंपो व दर्जनों बाइक समेत कई दुकानें और ठेले क्षतिग्रस्त
सगड़ी/आजमगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र में मंगलवार दोपहर चक्रवाती हवाओं, तेज आंधी, गरज-चमक और भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज हवाओं के चलते क्षेत्र में जगह-जगह पेड़ और विद्युत पोल धराशायी हो गए। सबसे अधिक नुकसान सराय सागर मालटारी बाजार में हुआ, जहां करीब 50 वर्ष पुराना विशाल पीपल का पेड़ अचानक मुख्य सड़क पर गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में आने से टेंपो, दर्जनों बाइक, ठेले और आसपास की कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं।
पेड़ गिरने से जीयनपुर-बिलरियागंज मार्ग पर दोपहर करीब 12 बजे से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
स्कूल वाहनों समेत छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन बाधित होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। देर शाम तक मार्ग पर यातायात सुचारु नहीं हो सका था।बताया गया कि तेज हवा के कारण मिर्जापुर गांव के पास अर्जुन का पेड़, नदौरा के पास शीरीष तथा महुलिया और अंडाखोर के पास शीशम व नीम समेत कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। कई जगह विद्युत पोल और तार भी प्रभावित हुए, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
मालटारी बाजार में विशाल पेड़ गिरने के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। गनीमत रही कि पेड़ गिरने के दौरान आसपास मौजूद कई लोग बाल-बाल बच गए। पेड़ की चपेट में आने से दुकानदारों, ठेला संचालकों और वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान हुआ है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मार्ग से पेड़ हटवाने की कार्रवाई शुरू कराई। देर शाम तक पेड़ हटाने और विद्युत व्यवस्था बहाल करने का काम जारी रहा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से शीघ्र पेड़ हटवाकर यातायात बहाल कराने तथा बिजली आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है।