Breaking News

लालगंज में बढ़ता अतिक्रमण बना परेशानी का सबब, दुकानों के आगे टेंट लगने से बढ़ी जाम की आशंका


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: अंजनी राय 

नगर पंचायत व प्रशासन की निष्क्रियता पर उठ रहे सवाल, स्कूली बच्चों और राहगीरों को हो रही परेशानी

लालगंज, आजमगढ़। स्थानीय नगर में अतिक्रमण की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। दुकानों के सामने टिनशेड, झाप, सामान, कुर्सी और बेंच रखने के बाद अब सड़क किनारे टेंट लगाकर स्थान घेरने का मामला सामने आया है। नगर में बढ़ते इस तरह के अतिक्रमण से राहगीरों और स्कूली बच्चों की परेशानी बढ़ने के साथ ही भविष्य में यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार नगर के मध्य बाजार में एक व्यापारी द्वारा अपनी दुकान के सामने सजावट संबंधी टेंट लगाया गया है, जो करीब दस दिनों से सड़क की ओर स्थान घेरे हुए है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस तरह के अतिक्रमण पर रोक नहीं लगाई गई तो देखा-देखी अन्य दुकानदार भी इसी तरह सड़क के किनारे स्थान घेरना शुरू कर सकते हैं।

नगर में दुकानों के आगे अतिक्रमण की समस्या नई नहीं है। कई स्थानों पर दुकान के बाहर सामान रखने, टिनशेड और झाप लगाने के कारण पहले से ही सड़क की चौड़ाई प्रभावित हो रही है। ऐसे में अब टेंट लगाकर सार्वजनिक स्थान घेरने की प्रवृत्ति शुरू होने से समस्या और गंभीर होने की आशंका है।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगर पंचायत और संबंधित विभाग की ओर से अतिक्रमण को लेकर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों का कहना है कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन भी दिनभर बाजार से गुजरते हैं, लेकिन सड़क किनारे किए जा रहे अतिक्रमण पर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान नहीं जा रहा है।

नागरिकों का कहना है कि बाजार में अतिक्रमण बढ़ने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ पैदल चलने वाले लोगों और स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यदि समय रहते नगर पंचायत, लोक निर्माण विभाग और प्रशासन द्वारा अतिक्रमण की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले समय में नगर को जाम की समस्या से बचाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

फिलहाल स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से नगर में अतिक्रमण की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने और सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की है।

और नया पुराने