Breaking News

आजमगढ़ में तीन मामलों में तीन अभियुक्त गिरफ्तार, चोरी का मोबाइल व आभूषण बरामद


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

बरदह में हमले का आरोपी पकड़ा गया, मेंहनगर में चोरी का मोबाइल और जीयनपुर में गृहभेदन से चोरी गए आभूषण व अन्य सामान बरामद

आजमगढ़। जिले की बरदह, मेंहनगर और जीयनपुर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हमले में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, चोरी का मोबाइल फोन, आभूषण, घड़ियां और अन्य सामान बरामद करने का दावा किया है। तीनों मामलों में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

बरदह में पुरानी रंजिश में हमले का आरोपी गिरफ्तार

बरदह थाना क्षेत्र में 10 सितंबर को पुरानी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति को रास्ते में रोककर मारपीट करने और लोहे की पाइप से सिर पर हमला करने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी साहिल पुत्र राजनाथ निवासी कुम्भ, थाना बरदह, को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, मामले में थाना बरदह पर मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान अन्य आरोपियों के नाम सामने आने पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई। एक अक्टूबर को उपनिरीक्षक रितेश खरवार ने पुलिस टीम के साथ सूचना के आधार पर साहिल को बादिल बाबा स्थान, ग्राम चौकी के पास से करीब 12:45 बजे गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा बरामद किया गया।

मेंहनगर में चोरी के मोबाइल के साथ युवक गिरफ्तार

मेंहनगर थाना क्षेत्र में सात सितंबर को एक दुकान से मोबाइल फोन चोरी होने के मामले में पुलिस ने विजय सरोज पुत्र राजनाथ सरोज निवासी हटवा आईमा, थाना मेंहनगर, को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान आरोपी का नाम प्रकाश में आया था। एक अक्टूबर को उपनिरीक्षक मयंक नारायण सिंह की टीम ने चेकिंग के दौरान उसे देवरिया गेट से देवरिया/राजधरपुर जाने वाले मार्ग से करीब 11:26 बजे गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से वीवो कंपनी का चोरी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धारा बढ़ाई गई।

जीयनपुर में गृहभेदन कर चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार

जीयनपुर थाना क्षेत्र में 30 सितंबर/एक अक्टूबर की रात एक मकान में सीढ़ी की टीन शेड हटाकर अंदर घुसे चोरों ने बक्से और अटैची के ताले तोड़कर जेवरात, घड़ियां, रुपये और अन्य सामान चोरी कर लिया था। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार, विवेचना में सामने आए आरोपी मो. सैफ पुत्र मो. रज्जाक निवासी समुन्द्रपुर, थाना जीयनपुर को उपनिरीक्षक अवधनाथ यादव की टीम ने एक अक्टूबर को बक्खोपुर से सगड़ी की ओर आने वाले नहर मार्ग से करीब 12:05 बजे गिरफ्तार किया।

आरोपी के कब्जे से पुलिस ने पांच गिलेट के हार, एक माथ बेंदी, छह जोड़ी गिलेट के कान के झुमके, चार लेडिज व दो जेन्ट्स सहित छह हाथ घड़ियां, एक मेकर फिक्सर नेचुरल तथा एक एफ एंड एम परफ्यूम बरामद करने का दावा किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धारा बढ़ाई गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मो. सैफ के विरुद्ध जीयनपुर, मुबारकपुर थानों में पूर्व से कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम और मारपीट से संबंधित मामले शामिल हैं।

तीनों मामलों में पुलिस टीमों की कार्रवाई

बरदह पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रितेश खरवार, कांस्टेबल विद्याकान्त और कांस्टेबल मो. आरिफ शामिल रहे। मेंहनगर पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मयंक नारायण सिंह, कांस्टेबल दीपक यादव और कांस्टेबल हरेर रहे। वहीं जीयनपुर पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अवधनाथ यादव, कांस्टेबल सौरभ कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल संजय कुमार वर्मा और कांस्टेबल प्रदीप गुप्ता शामिल रहे।

पुलिस के अनुसार, तीनों गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

और नया पुराने