Breaking News

आजमगढ़ में किशोरी को ले जाने और शादी का झांसा देने के दो मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

कप्तानगंज पुलिस ने किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में युवक को पकड़ा, रानी की सराय पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी को किया गिरफ्तार

आजमगढ़। जिले की कप्तानगंज और रानी की सराय पुलिस ने अलग-अलग मामलों में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

कप्तानगंज में किशोरी को ले जाने के मामले में आरोपी गिरफ्तार

कप्तानगंज थाना क्षेत्र में 26 सितंबर को एक व्यक्ति ने अपनी करीब 17 वर्षीय पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने के संबंध में तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने शुभम कुमार पुत्र सभाजीत निवासी खालिसपुर नई बस्ती, थाना कप्तानगंज के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना के दौरान 30 सितंबर को उपनिरीक्षक राजमणि भारती ने पुलिस टीम के साथ मुकदमे में वांछित आरोपी शुभम कुमार को गौरा पुलिया से करीब 12:05 बजे गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।

रानी की सराय में युवती की शिकायत पर आरोपी गिरफ्तार

दूसरा मामला रानी की सराय थाना क्षेत्र का है। यहां 30 सितंबर को एक युवती ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और दवा खिलाकर गर्भपात कराया। युवती के अनुसार, शादी की बात कहने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और शादी से इनकार कर दिया।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने विपिन यादव पुत्र अजय यादव निवासी मैनपारपुर, थाना निजामाबाद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस के मुताबिक, विवेचना के क्रम में एक अक्टूबर को उपनिरीक्षक प्रिंस विनायक सिंह ने पुलिस टीम के साथ आरोपी विपिन यादव को कोटिला कट से करीब 11 बजे गिरफ्तार किया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने लगाए गए आरोपों से इनकार किया और अपनी सफाई न्यायालय के समक्ष अधिवक्ता के माध्यम से प्रस्तुत करने की बात कही। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

दोनों मामलों में पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को संबंधित न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया है।


और नया पुराने