आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के हैदराबाद छतवारा स्थित नई कॉलोनी में मंगलवार को कथित देह व्यापार की शिकायत पर पुलिस ने एक मकान में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार महिलाओं को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, नई कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर एक मकान में कथित रूप से देह व्यापार संचालित किए जाने का आरोप लगाया था। शिकायत में मकान पर लोगों के आने-जाने का उल्लेख करते हुए पूर्व में भी पुलिस से शिकायत किए जाने की बात कही गई थी।
शिकायत के आधार पर मंगलवार को सिधारी थाना पुलिस और महिला थाना पुलिस की टीम ने संबंधित मकान पर पहुंचकर जांच की। पुलिस के अनुसार, मौके से चार महिलाओं को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिलने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि और बरामदगी से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी शुभम तोदी के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मकान पर कार्रवाई की है। हिरासत में ली गई महिलाओं से पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में अंतिम कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर ही की जाएगी।