निजामाबाद पुलिस ने मोलनापुर नहर पुलिया से दबोचा, महिला की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा
आजमगढ़। निजामाबाद थाना पुलिस ने पत्नी को जान से मारने की नीयत से फांसी पर लटकाने के आरोप में वांछित चल रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मोलनापुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को बुद्धसेनपुर निवासी शशिकला ने निजामाबाद थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि उसके पति राकेश यादव पुत्र मुन्ना उर्फ मुन्नीलाल यादव ने 9 सितंबर की रात करीब नौ बजे उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उसे फांसी पर लटका दिया।
तहरीर के आधार पर निजामाबाद थाने में मु0अ0सं0 238/2026 के तहत बीएनएस की धारा 85, 109(1) और 115(2) में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस के मुताबिक, वांछित आरोपी की तलाश के दौरान 24 सितंबर 2026 को उपनिरीक्षक अखिलेश नारायण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राकेश यादव को सुबह करीब 7:35 बजे मोलनापुर नहर पुलिया से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र करीब 33 वर्ष बताई गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राकेश यादव के खिलाफ वर्ष 2021 में भी निजामाबाद थाने में मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अखिलेश नारायण सिंह, कांस्टेबल धर्मवीर प्रजापति और रिजर्व कांस्टेबल अभिषेक पटेल शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की विवेचना जारी है।