मुबारकपुर पुलिस ने दरियाबाद पुल के पास से दबोचा, पीड़िता को पहले ही सकुशल बरामद किया जा चुका है
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर घर से ले जाने के मामले में वांछित चल रहे 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को दरियाबाद पुल के पास से गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को जलालपुर गांव निवासी कमल दीप ने मुबारकपुर थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि उनकी भांजी 28 अगस्त को राखी बांधने के लिए उनके घर आई थी। 31 अगस्त को स्कूल जाने की बात कहकर वह घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी।
परिजनों की ओर से जानकारी जुटाने पर कथित तौर पर पता चला कि इब्राहिमपुर (भलवरिया) निवासी बृजेश कुमार पुत्र दुर्गविजय उसे रास्ते से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। तहरीर के आधार पर मुबारकपुर थाने में मु0अ0सं0 322/2026 के तहत बीएनएस की धारा 137(2) और 87 में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया गया था। मामले में वांछित आरोपी बृजेश कुमार की तलाश जारी थी।
24 सितंबर 2026 को उपनिरीक्षक रूपम वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को करीब 11:05 बजे दरियाबाद पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 23 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने उसे चालान कर न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रूपम वर्मा, कांस्टेबल उमेश सिंह और कांस्टेबल उदयनाथ पासवान शामिल रहे।