Breaking News

फर्जी रजिस्ट्री और कूटरचित दस्तावेज के मामले में गैंगस्टर एक्ट का वांछित गिरफ्तार


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

जीयनपुर पुलिस ने चुनहवा चौराहे के पास दबोचा, भूमि हड़पने के आरोप से जुड़े मामले में पहले भी भेजा जा चुका है जेल

आजमगढ़। जीयनपुर थाना पुलिस ने फर्जी रजिस्ट्री और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर भूमि हड़पने के आरोप से जुड़े मामले में गैंगस्टर एक्ट के वांछित आरोपी मो. हैदर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे चुनहवा चौराहे के पास से हिरासत में लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 7 अप्रैल 2025 को नगर पंचायत जीयनपुर निवासी गौतम प्रसाद चौरसिया ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि मो. हैदर, अशहद और मो. आजम ने कथित तौर पर फर्जी व्यक्ति खड़ा कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और भूमि की फर्जी रजिस्ट्री कराई। शिकायत के आधार पर जीयनपुर थाने में मु0अ0सं0 130/2025 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक जीयनपुर की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी आजमगढ़ ने 13 सितंबर 2026 को गैंग चार्ट का अनुमोदन किया। इसके बाद 23 सितंबर 2026 को जीयनपुर थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मु0अ0सं0 391/2026, धारा 2(b)(i)/3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986 में मुकदमा दर्ज किया गया।

इसी मामले में वांछित चल रहे मो. हैदर पुत्र निजामुद्दीन, निवासी रौजा सैफन पट्टी, थाना जीयनपुर को पुलिस टीम ने 23 सितंबर को मालटारी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान चुनहवा चौराहे के पास गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ जीयनपुर थाने में वर्ष 2016 से 2026 के बीच तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट और अन्य धाराओं का वर्ष 2016 का मामला, वर्ष 2025 का फर्जी रजिस्ट्री एवं कूटरचित दस्तावेज से संबंधित मुकदमा तथा वर्ष 2026 का गैंगस्टर एक्ट का मामला शामिल है।

गिरफ्तारी निरीक्षक अपराध शम्भूनाथ यादव के नेतृत्व में कांस्टेबल अजय कुमार प्रथम, कांस्टेबल बुटाई शाह, रिजर्व कांस्टेबल प्रशांत सिंह और रिजर्व कांस्टेबल मो. शाहिद की टीम ने की। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


और नया पुराने