आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के दोस्तपुर (लहुरामपुर) गांव में मंगलवार को विद्युत हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, दोस्तपुर निवासी सुनील कुमार (30) पुत्र राम उजागिर अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए घर आया था। इसी दौरान खंभे से विद्युत तार टूटकर गिरने की बात सामने आई। तार की चपेट में आने से सुनील गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ग्रामीणों में विद्युत व्यवस्था को लेकर नाराजगी बताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि माहुल विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के तार जर्जर स्थिति में हैं। हालांकि हादसा जर्जर तार टूटने के कारण ही हुआ या इसकी कोई अन्य वजह थी, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
बताया गया कि सुनील निजी कंपनी में कार्यरत था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा पांच वर्षीय बेटी और एक वर्षीय बेटा है। युवक की मौत की खबर मिलते ही पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना मिलने पर पवई थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।