हाईस्कूल में 7 में 3 शिक्षक, इंटर में 9 में सिर्फ 3 प्रवक्ता तैनात; अभिभावकों ने रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग की
लालगंज (आजमगढ़)। स्थानीय नगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में शिक्षकों की कमी से छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होने का मामला सामने आया है। विद्यालय में हाईस्कूल से लेकर इंटरमीडिएट तक कई महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक और प्रवक्ता के पद रिक्त हैं। अभिभावकों का कहना है कि शिक्षकों की कमी का सीधा असर छात्राओं की पढ़ाई और उनके शैक्षणिक भविष्य पर पड़ रहा है।
विद्यालय में हाईस्कूल स्तर पर शिक्षकों के कुल 7 पद सृजित हैं, जबकि वर्तमान में इनमें से केवल 3 शिक्षक ही तैनात बताए जा रहे हैं। गणित और विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के लिए शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं।
इसी तरह इंटरमीडिएट स्तर पर 9 प्रवक्ता पदों के सापेक्ष केवल 3 प्रवक्ता कार्यरत हैं, जबकि 6 पद रिक्त बताए जा रहे हैं। अभिभावकों के अनुसार रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान और गणित जैसे विषयों में प्रवक्ताओं की कमी के कारण विज्ञान वर्ग की छात्राओं को नियमित पठन-पाठन में परेशानी हो रही है।
ग्रामीण और सामान्य परिवारों से आने वाली छात्राओं के लिए निजी ट्यूशन का खर्च उठाना भी आसान नहीं है। ऐसे में अभिभावकों का कहना है कि सरकारी विद्यालय में शिक्षकों की कमी का असर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों पर अधिक पड़ रहा है।
अभिभावक समर बहादुर सिंह, हरी यादव और कृष्ण कुमार मोदनवाल सहित अन्य लोगों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से विद्यालय में रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग की है। उनका कहना है कि छात्राओं की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए संबंधित विषयों के शिक्षकों और प्रवक्ताओं की शीघ्र तैनाती आवश्यक है।
अभिभावकों ने विद्यालय में शिक्षकों की कमी के स्थायी समाधान के साथ ही शिक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी की भी मांग की है।