Breaking News

नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में वांछित युवक गिरफ्तार


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र में नाबालिग को बहला-फुसलाकर घर से ले जाने के मामले में वांछित चल रहे 21 वर्षीय युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मामले की विवेचना के दौरान पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराएं बढ़ाई गई थीं।

पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त 2026 को नाबालिग की मां ने जहानागंज थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी बेटी स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। आरोप लगाया गया कि मानव कुमार उर्फ अर्जुन उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। तहरीर के आधार पर थाना जहानागंज में मु0अ0सं0 171/2026, धारा 137(2)/87 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस के अनुसार, उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 65(1) बीएनएस तथा धारा 3/4(2) पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई।

बुधवार 30 सितंबर 2026 को उपनिरीक्षक शिवम त्यागी पुलिस टीम के साथ वांछित आरोपी की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित मानव कुमार उर्फ अर्जुन लंगड़ा बाबा स्थान, सेमा के पास मौजूद है और कहीं जाने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ एवं पहचान की पुष्टि के बाद पुलिस ने आरोपी को करीब 10:45 बजे नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मानव कुमार उर्फ अर्जुन पुत्र किशुन लाल, निवासी भीटी पल्हना, थाना देवगांव, आजमगढ़, उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई।

पुलिस ने बताया कि मामले में धारा 137(2)/87/65(1) बीएनएस एवं धारा 3/4(2) पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी के दौरान निर्धारित कानूनी दिशा-निर्देशों का पालन किए जाने की बात पुलिस ने कही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शिवम त्यागी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल अजीत कुमार, थाना जहानागंज शामिल रहे।

और नया पुराने