Breaking News

बाल संरक्षण और महिला सुरक्षा को लेकर SJPU व एएचटी की मासिक समीक्षा बैठक


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

विवेचना में आने वाली समस्याओं के समाधान और समयबद्ध कार्रवाई को लेकर अधिकारियों को दिए गए निर्देश

आजमगढ़। पुलिस लाइन्स स्थित सभागार में बुधवार को विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) एवं थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) की मासिक समीक्षा एवं समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी सदर ने की, जबकि अपर पुलिस अधीक्षक यातायात के पर्यवेक्षण में अधिकारियों ने बाल संरक्षण, किशोर न्याय और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों की समीक्षा की।

गोष्ठी में चिकित्सा विभाग, अभियोजन शाखा, बाल कल्याण समिति, चाइल्ड हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, जीआरपी, आरपीएफ समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। इसके अलावा जनपद के विभिन्न थानों में तैनात बाल कल्याण पुलिस अधिकारी, एएचटी एवं एसजेपीयू के प्रभारी और कर्मचारी तथा महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन के कर्मचारी भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों और विवेचकों ने विवेचना के दौरान सामने आने वाली विभिन्न समस्याओं को रखा। अधिकारियों ने इन समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में बाल कल्याण से जुड़े अधिकारों, अभियुक्त एवं पीड़ित की आयु निर्धारण तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम-2015 के प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

क्षेत्राधिकारी सदर ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ बाल संरक्षण एवं महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतते हुए प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

और नया पुराने