Breaking News

जीयनपुर में ई-रिक्शा चालक समेत दो लोगों के मोबाइल चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

सिधारी में बकरी चोरी के मामले में भी गिरफ्तारी, चोरी की बकरी, चार हजार रुपये, ऑटो और तमंचा-कारतूस बरामद

आजमगढ़। जनपद पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मोबाइल और बकरी चोरी की घटनाओं के संबंध में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जीयनपुर पुलिस ने मोबाइल चोरी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वहीं, सिधारी पुलिस ने बकरी चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की बकरी, चार हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा तथा अवैध तमंचा-कारतूस बरामद करने का दावा किया है।

ई-रिक्शा चालक समेत दो लोगों के मोबाइल चोरी का आरोप

जीयनपुर थाने में रामधनी निवासी खालिसपुर सिंघौटा की तहरीर पर एक अक्टूबर को ई-रिक्शा से मोबाइल चोरी होने के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक श्यामजी यादव ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए अनिल यादव (19) निवासी नैथी बनमठिया, थाना मुबारकपुर को तीन अक्टूबर को बेरमा जाने वाले खड़ंजे के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में उसने एक मोबाइल ई-रिक्शा चालक की जेब से और दूसरा जीयनपुर चौक से चोरी करना बताया। मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।

बकरी चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार

वहीं, सिधारी थाना क्षेत्र में दर्ज बकरी चोरी के दो मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने मो. दानिश खान (38) निवासी बासुपार बनकट, थाना जीयनपुर, हाल पता गुलामी का पुरा, थाना कोतवाली को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, चौकी प्रभारी इटौरा उपनिरीक्षक रंजन कुमार साव ने पुलिस टीम के साथ आरोपी को दो अक्टूबर को समेदा तिराहे के पास बंद राइस मिल के समीप से गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही से एक चोरी की बकरी, बकरी बेचने से प्राप्त चार हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा, .315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के मुताबिक, बकरी चोरी से संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद होने के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा जीयनपुर थाने में दर्ज एक अन्य मुकदमे में भी आरोपी का संबंध प्रकाश में आने की बात पुलिस ने कही है।

दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

और नया पुराने