Breaking News

थाना समाधान दिवस में एसएसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, रानी की सराय थाने का किया औचक निरीक्षण


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर, निरीक्षण के बाद पुलिस बल के साथ कस्बे में की पैदल गश्त

रानी की सराय। थाना समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार, 10 अक्टूबर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने नायब तहसीलदार सदर अग्निवेश मिश्रा के साथ थाना रानी की सराय में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों को शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर आपसी समन्वय के साथ उनका गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की शिकायतों का नियमानुसार प्रभावी समाधान किया जाए और उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

साइबर थाना से महिला हेल्प डेस्क तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा

थाना समाधान दिवस के बाद एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने थाना रानी की सराय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साइबर थाना, साइबर सेल, थाने की साइबर सेल, महिला हेल्प डेस्क, आवासीय बैरक, निर्माणाधीन भवन और नवीन भवन के बेसमेंट सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जनशिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव, शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण और थाना परिसर में साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस बल के साथ कस्बे में की पैदल गश्त

थाने के निरीक्षण के बाद एसएसपी ने पुलिस बल के साथ कस्बा रानी की सराय में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन से संवाद स्थापित किया।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को नियमित पैदल गश्त करने, क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने और कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए।


और नया पुराने