Breaking News

कमरा देने से मना करने पर होटल में हंगामा, संचालक व कर्मचारियों से मारपीट के दो आरोपी गिरफ्तार


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

शराब के नशे में गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, कोतवाली पुलिस ने राजघाट के पास से दबोचा

आजमगढ़। होटल में कमरा देने से मना करने पर संचालक और कर्मचारियों के साथ मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को बुधवार को राजघाट, सरायमंदराज के पास से गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, कटघर निवासी आनंद सोनकर सरायमंदराज में रेड रोज होटल संचालित करते हैं। उनकी ओर से कोतवाली थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि 4 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे अंकित यादव उर्फ जोनी, पिन्टू यादव, मगानू यादव समेत कुछ अन्य लोग होटल पहुंचे और चखना व कमरा मांगा।

आरोप है कि अधिक शराब पीने के कारण होटल संचालक ने कमरा देने से मना कर दिया। इस पर आरोपियों ने होटल संचालक और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।

तहरीर के आधार पर कोतवाली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 525/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 115(2), 352, 351(3), 3(5), 125 तथा एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पिन्टू उर्फ धीरज कुमार यादव निवासी मधनापार, थाना बिलरियागंज और अरबिन्द उर्फ मगानू निवासी चकभारी, थाना सिधारी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शशि सिंह, चौकी प्रभारी बदरका, रिजर्व कांस्टेबल लवकुश मौर्या और रिजर्व कांस्टेबल दिलीप कुशवाहा शामिल रहे।

और नया पुराने