Breaking News

सिधारी पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गोरखपुर रेलवे स्टेशन से दो गुमशुदा किशोरों को किया बरामद


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र से लापता हुए दो किशोरों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर गोरखपुर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। दोनों किशोरों की बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और आजमगढ़ पुलिस का आभार जताया।

पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को मुहम्मदल्ला गांव निवासी संजय कुमार ने थाना सिधारी में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनका करीब 12 वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार घर से नौरंग इंटर कॉलेज, निबी में पढ़ने के लिए निकला था, लेकिन विद्यालय नहीं पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 421/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक थाना सिधारी के नेतृत्व में किशोरों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई।

इसी क्रम में 15 अक्टूबर को उपनिरीक्षक शिवम द्विवेदी ने पुलिस टीम के साथ गोरखपुर रेलवे स्टेशन से दोनों किशोरों को सकुशल बरामद कर लिया। बरामद किशोरों की पहचान आर्यन कुमार (12 वर्ष), निवासी ग्राम मुहम्मदल्ला, थाना सिधारी और आकाश राजभर (14 वर्ष), निवासी ग्राम निबी, थाना रानी की सराय, आजमगढ़ के रूप में हुई।

पुलिस ने दोनों किशोरों की बरामदगी के बाद उनके परिजनों को सूचना दी। मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिवम द्विवेदी, कांस्टेबल अखिलेश कुमार गौंड और रिजर्व कांस्टेबल इरफान खान शामिल रहे। दोनों किशोरों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।


और नया पुराने