आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
🌺 सीपू सिंह को नमन: 19 जुलाई को श्रद्धांजलि, सुंदरकांड पाठ और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम
जीयनपुर (आजमगढ़)। सगड़ी की राजनीति का वह नाम, जिसकी गूंज आज भी गांव-गांव और चौपालों तक सुनाई देती है। वह चेहरा, जिसे लोग केवल विधायक नहीं बल्कि अपना सुख-दुख का साथी मानते थे। ऐसे लोकप्रिय जननेता स्वर्गीय सर्वेश कुमार सिंह 'सीपू' की 13वीं पुण्यतिथि पर 19 जुलाई को जीयनपुर स्थित उनके आवास पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के हजारों समर्थकों, शुभचिंतकों और गणमान्य लोगों के जुटने की संभावना है। आयोजन समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार सायं 3 बजे से 6 बजे तक सुंदरकांड पाठ तथा सायं 6 बजे से रात्रि तक प्रतिभोज (प्रसाद वितरण) का आयोजन किया जाएगा।
स्वर्गीय सीपू सिंह का नाम सगड़ी की राजनीति में एक ऐसे जननेता के रूप में लिया जाता है, जिन्होंने जनता के बीच रहकर उनकी आवाज को बुलंद किया। उनके असामयिक निधन ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया था। वर्षों बीत जाने के बाद भी क्षेत्र की जनता उन्हें उसी आत्मीयता और सम्मान के साथ याद करती है।
इस श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन उनके बड़े भाई संतोष सिंह 'टीपू' के नेतृत्व में किया जा रहा है। वहीं पूर्व विधायक एवं स्वर्गीय सीपू सिंह की धर्मपत्नी वंदना सिंह ने क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में शामिल होकर दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित करने की अपील की है।
आयोजकों का कहना है कि यह केवल एक पुण्यतिथि कार्यक्रम नहीं, बल्कि उस जननायक के प्रति लोगों की भावनाओं और सम्मान का प्रतीक है, जिसने अपना जीवन क्षेत्र और जनता की सेवा के लिए समर्पित कर दिया था।
कार्यक्रम में स्वर्गीय सीपू सिंह के साथ स्वर्गीय भरत राय, स्वर्गीय संजय विश्वकर्मा, स्वर्गीय जितेंद्र गुप्ता एवं स्वर्गीय चंद्रभान चौबे को भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। जीयनपुर में होने वाले इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में तैयारियां अंतिम चरण में हैं और एक बार फिर 19 जुलाई को सगड़ी की फिजाओं में अपने प्रिय नेता 'सीपू भईया' की यादें ताजा होने वाली हैं।