रौनापार की किसान महापंचायत में उमड़ा जनसैलाब, किसानों की समस्याओं पर गरजे सपा नेता
सगड़ी (आजमगढ़)। गन्ना किसानों की समस्याओं और उनके अधिकारों की लड़ाई को लेकर बुधवार को सगड़ी तहसील के रौनापार स्थित अंबेडकर पार्क में आयोजित किसान महापंचायत में किसानों, नौजवानों और समाजवादी कार्यकर्ताओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा।
महापंचायत में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे आजमगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों के हितों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी।
कार्यक्रम में पहुंचने पर सांसद धर्मेंद्र यादव का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने सबसे पहले रौनापार चौराहे पर स्थित शहीद प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद अंबेडकर पार्क पहुंचकर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। मंच पर पहुंचने पर सगड़ी विधायक डॉ. एच.एन. सिंह पटेल ने सांसद का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
महापंचायत को संबोधित करते हुए सांसद धर्मेंद्र यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन आज किसान आर्थिक संकट और शोषण का शिकार है। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों के साथ अन्याय किया जा रहा है तथा उनके जायज गन्ने को भी रिजेक्ट की श्रेणी में डालकर उनका आर्थिक नुकसान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, लेकिन सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। समाजवादी पार्टी किसानों, नौजवानों, बेरोजगारों और छात्रों के हितों की लड़ाई लगातार लड़ रही है और किसानों के साथ हो रहे शोषण के खिलाफ हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा।
घोसी चीनी मिल बंद हुई तो किसान हो जाएंगे बर्बाद : डॉ. एच.एन. सिंह पटेल
सगड़ी विधायक डॉ. एच.एन. सिंह पटेल ने कहा कि देवारांचल क्षेत्र के अधिकांश किसान गन्ने की खेती पर निर्भर हैं। पहले क्षेत्र का गन्ना घोसी चीनी मिल को भेजा जाता था, लेकिन बाद में उसे सठियांव चीनी मिल से जोड़ दिया गया। इससे किसानों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है और रास्ते में जाम सहित कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि लगातार संघर्ष के बाद कुछ किसानों को पुनः घोसी चीनी मिल से जोड़ा गया, लेकिन अब घोसी चीनी मिल को बंद करने की योजना बनाई जा रही है। यदि ऐसा हुआ तो देवारांचल के हजारों किसान बुरी तरह प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन
गोपालपुर विधायक नफीस अहमद ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो एक सप्ताह के भीतर जिलाधिकारी कार्यालय पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
वहीं एमएलसी गुड्डू जमाली ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसान, नौजवान और गरीब आज सबसे अधिक परेशान हैं तथा सरकार उनकी समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है।
कलाकारों ने बांधा समां
महापंचायत के दौरान मंच से कलाकारों द्वारा प्रस्तुत गीतों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में मौजूद किसानों और कार्यकर्ताओं ने नेताओं के संबोधनों को गंभीरता से सुना तथा किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुटता का संदेश दिया।
ये रहे मौजूद
महापंचायत को पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव, एमएलसी गुड्डू जमाली, विधायक पूजा सरोज, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, विधानसभा प्रभारी जगदीश यादव, पूर्व विधायक अभय नारायण पटेल, विधायक अखिलेश यादव सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।
सभी वक्ताओं ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन मु० कौशर ने किया।
सभी वक्ताओं ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन मु० कौशर ने किया।
किसान महापंचायत में बड़ी संख्या में किसानों, नौजवानों, समाजवादी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति रही, जिससे पूरा अंबेडकर पार्क परिसर खचाखच भरा रहा।