हमीरपुर: 01 सितम्बर 2020
रिपोर्ट-सद्दाम हुसैन
हमीरपुर: श्रमिकों /कामगारों के सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा हेतु एवं उनके सर्वांगीण विकास की प्राप्ति हेतु अधिक से अधिक श्रमिकों/ जरूरत मंदो को रोजगार दिलाए जाने के संबंध में जिला स्तरीय समिति की बैठक जिलाधिकारी डॉ ज्ञानेश्वर त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मजदूरों , प्रवासियों तथा अन्य जरूरतमंद लोगों को उनकी स्किल / उनकी योग्यता एवं क्षमता के अनुसार काम दिया जाए। ओडीओपी योजना में पात्र एवं जरूरत मंद लोगों को लोन दिलाया जाए, इस हेतु शासन द्वारा निर्धारित किए गए लक्ष्य को प्राप्त किया जाय । कौशल प्रशिक्षण केंद्र के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त लोगों को रोजगार दिलाया जाए । उन्होंने कहा कि श्रम विभाग द्वारा सर्वे के माध्यम से की गयी स्किलमैपिंग की सूची मुख्य विकास अधिकारी को दी जाए ताकि विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत उनको रोजगार दिलाया जा सके । उन्होंने कहा कि समय-समय पर रोजगार मेले आयोजित तथा विभिन्न कंपनियों को आमंत्रित कर लोगों को रोजगार दिलाने का कार्य किया जाय। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत अधिक से अधिक समूहों का गठन कर तथा उनको आत्मनिर्भर बनाने हेतु प्रभावी प्रयास किया जाए। विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं में जो ऋण स्वीकृत कराए गए हैं उनको वितरित करा दिया जाए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम ,मुख्यमंत्री ग्राम रोजगार योजना ,माटी कला योजना , उद्यान विभाग, समाज कल्याण विभाग, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत प्रवासियों / मजदूरों को दिए जाने वाले रोजगार के संबंध में समीक्षा की तथा जरूरी दिशा निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी कमलेश कुमार वैश्य ने कहा कि जनपद के औद्योगिक/ व्यवसायिक इकाइयों के माध्यम से भी प्रवासियों / जरूरत मंद लोगों को उनकी स्किल के अनुसार रोजगार दिलाया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। माटी कला बोर्ड, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, खाद्य प्रसंस्करण, खादी एवं कुटीर उद्योग तथा अन्य संबंधित योजनाओं में लाभार्थियों का चयन कर स्वरोजगार हेतु शीघ्र उनको लोन दिलाया जाए।
इस मौके पर पीडी चित्रसेन सिंह ,जिला विकास अधिकारी विकास ,उपायुक्त स्वरोजगार कमलेश कुमार, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी , जिला उद्यान अधिकारी , डीपीआरओ ,श्रम प्रवर्तन अधिकारी , खादी ग्रामोद्योग अधिकारी तथा अन्य संबंधित मौजूद रहे।