Breaking News

जिले के 26 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर अंतरा व छाया की सेवा शुरू- जिलाधिकारी आजमगढ़।

आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से गांव में लोगों को इस बारे में दी जा रही जानकारी।

सीएचओ योग्य दम्पतियों को उपलब्ध करा रहे परिवार नियोजन के अस्थाई साधन

आजमगढ़ 02 अक्टूबर 2020-- परिवार नियोजन के अस्थाई साधन त्रैमासिक अंतरा इंजेक्शन और साप्ताहिक गोली छाया की सुविधा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर  प्रारंभ की गई है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत लोगों को बताया जाता रहा है कि घर के नजदीक बने सब-सेंटर जो अब आयुष्मान भारत योजना के तहत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में परिवर्तित हो गये हैं। यहां सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) ओपीडी करने के साथ ही योग्य दंपत्तियों को परिवार नियोजन के अस्थाई साधन की सुविधा भी प्रदान कर रहे हैं।
  उन्होंने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से गांव में यह संदेश भेजा जा चुका है। इस सुविधा का पता चलने के बाद योग्य दंपत्ति जो कि अस्थाई परिवार नियोजन अपनाना चाहते थे लेकिन कई बार दूरी होने के कारण सुविधा प्राप्त करने जा नहीं पा रहे थे यहां हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर आ रहे हैं। अभी कई दंपतियों ने छाया को अपनाया है। साथ ही उन्होंने बताया कि जिले के समस्त 152 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं स्वास्थ्य उपकेन्द्र) को सक्रिय किया जाना प्रस्तावित है। इन 152 में से 97 पर काम हो रहा है। यहां रिपोर्टिंग हो रही है। इन 97 में से 66 सब-सेंटर पर सीएचओ काम कर रहे हैं, जबकि 31 अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एडिशनल पीएचसी) पर मेडिकल आफिसर (एमओ) और स्टाफ नर्स मिलकर काम कर रहे हैं। इनमें से 20 सब-सेंटर तथा छह अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अर्थात कुल 26 पर अंतरा, छाया के साथ परिवार नियोजन की सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। वहीं बाकी के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण देकर परिवार नियोजन की सेवाओं को सक्रिय किया जाएगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 एके मिश्र ने जनपद के सभी चिकित्सा अधीक्षक/प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को पत्र के माध्यम से जनपद की चयनित समस्त स्वास्थ्य इकाइयों पर नवीन गर्भनिरोधक अंतरा और छाया की सेवाएं प्रारम्भ करते हुए सम्बन्धित डाटा एच.एम.आई.एस पोर्टल पर अपलोड करने के दिशा निर्देश दिए है।
डा. संजय कुमार अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ,आरसीएच) ने बताया कि पहले चरण में जनपद के छह अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों और 20 उपकेंद्रों पर प्रशिक्षण देकर सेवाएं शुरू कर दी गईं हैं। बाकी में भी चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण देकर अगले दो महीने में वहां भी सेवाओं को शुरू कर दिया जाएगा।
अंतरा एक गर्भनिरोधक इंजेक्शन है, जिसकी पहली डोज डाक्टर की देखरेख में महिला का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद ही लगाई जाती है। उसके बाद दूसरी डोज प्रशिक्षित स्टाफ नर्स या एनएनएम के द्वारा भी लगाई जा सकती है। जो महिलाओं को तीन माह के अंतर पर मासिक धर्म आने के सात दिन के अंदर बिना किसी जांच के दिया जाता है। 
छाया गोली एक साप्ताहिक नॉन हार्मोनल गर्भनिरोधक गोली है। जो कि प्रसव या गर्भपात के तुरंत बाद प्रारंभ की जा सकती है। दोनों विधियां बच्चो में अंतर रखने के लिए सरल, सुलभ व सुरक्षित हैं।
छह अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मिर्जापुर ब्लाक में खतौली और हरेवा, लालगंज ब्लाक में सेवार, त्योहरा, फूलपुर में पुष्पनगर, कोयलसा में अतरैठ अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर यह सुविधा मिल रही है। वहीं जहानागंज ब्लाक के उपकेंद्र मिट्टूपुर, मांडे, जलालपुर, दरवारा, धनार बांध, बरहातीर, पल्हनी ब्लाक में मतउलीपुर, किशुनदासपुर-2, करीमुद्दीनपुर, करनपुर, कम्हेनपुर, दुधनारा, भदुली, बद्दोपुर, अजमपुर, बिलरियागंज ब्लाक में नूरुद्दीनपुर, सीनी सहित 20 उपकेंद्र हैं, जहां पर यह सुविधाएं मिल रही हैं।

और नया पुराने