आज़मगढ़।
रिपोर्टर:-शैलेन्द्र शर्मा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का महिलाओं ने सुना लाइव संबोधन, की योजना की तारीफ।
शहर के रोडवेज स्थित केटी गैस एजेंसी पर महिलाओं ने कराया अपना वैरिफिकेशन।
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के महोबा में गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले गरीब परिवारों के लिए उज्ज्वला-2.0 का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वीरभूमि महोबा से वर्चुअल शुभारंभ किया। बटन दबते ही उज्ज्वला योजना का दूसरा चरण शुरू हो गया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि एक करोड़ महिलाओं के जीवन को बदलने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने एलान करते हुए कहा कि अब गैस कनेक्शन के लिए एड्रेस प्रूफ की जरूरत नहीं पड़ेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा अब देश मूल सुविधाओं की पूर्ति से, बेहतर जीवन के सपने को पूरा करने की तरफ बढ़ रहा है। आने वाले 25 साल में इस सामर्थ्य को हमें कई गुना बढ़ाना है। समर्थ और सक्षम भारत के इस संकल्प को हमें मिलकर सिद्ध करना है। इसमें बहनों की विशेष भूमिका होने वाली है। उन्होंने कहा बुंदेलखंड सहित पूरे यूपी और दूसरे राज्यों के हमारे अनेक साथी, काम करने के लिए गांव से शहर जाते हैं, दूसरे राज्य जाते हैं। लेकिन वहां उनके सामने एड्रेस के प्रमाण की समस्या आती है। ऐसे ही लाखों परिवारों को उज्ज्वला 2.0 योजना सबसे अधिक राहत देगी।अब मेरे श्रमिक साथियों को एड्रेस के प्रमाण के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं है। सरकार को आपकी ईमानदारी पर पूरा भरोसा है। आपको अपने पते का सिर्फ एक सेल्फ डेक्लेरशन, यानि खुद लिखकर देना है और आपको गैस कनेक्शन मिल जाएगा। बहनों के स्वास्थ्य, सुविधा और सशक्तिकरण के इस संकल्प को उज्ज्वला योजना ने बहुत बड़ा बल दिया है। योजना के पहले चरण में 8 करोड़ गरीब, दलित, वंचित, पिछड़े, आदिवासी परिवारों की बहनों को मुफ्त गैस कनेक्शन दिया गया। इसका कितना लाभ हुआ है, ये हमने कोरोना काल में देखा है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना ने देश की जितनी महिलाओं का जीवन रोशन किया है वो अभूतपूर्व है। ये योजना 2016 में मंगल पांडे की धरती बलिया से शुरू हुई थी। आज उज्ज्वला योजना के दूसरे चरण की शुरुआत भी वीर भूमि महोबा से हो रही है।
शहर के रोडवेज स्थित भारत गैस का कनेक्शन लेने के लिए केटी गैस एजेंसी पर आई महिलाओं ने प्रधानमंत्री का टीवी पर लाइव प्रशारण को उत्सुकता के साथ सुना और उनकी तारीफ की। केटी गैस एजेंसी के कर्मचारी अमृत लाल ने कहा कि उज्जवला-02 के तहत अभी तक गैस कनेक्शन से वंचित महिलआे को फ्री गैस कनेक्शन देने के लिए लगभग 450 महिलाआें के फार्म को चेक किया गया और बायोमैट्रीक सत्यापन कराया गया । प्रधानमंत्री के पहल पर अब सभी महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा।


