Breaking News

समूह बनाकर महिलायें हुई सशक्त, गरीबी को दी मात।


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

• विकासखंड अतरौलिया के 20 गाँव में बना 61 महिला किसान समूह 

• 1564 महिलायें समूह से जुड़कर कर रहीं विकास 

आजमगढ़, 22 अप्रैल 2022 - जनपद में मिशन शक्ति को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिलास्तर पर महिला फार्मर प्रोड्यूसर कम्पनी एग्रोज़ आज़मगढ़ का औपचारिक उद्घाटन हुआ। इस कम्पनी की विशेषता है कि इसमें सभी संचालक व सदस्य महिलाएं ही है। कुल 772 सदस्यों में 592 महिलाएं हैं। 
उद्घाटन के अवसर पर ग्राम बिलारी बढ़या आज़मगढ़ में कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एना, बार्नफ़ॉन्डेन, स्वीडन ने कहा कि इस मिशन शक्ति कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाते हुए उन्हें सरकार की ओर से चलाई जाने वाली योजनाओं का लाभ दिलाना है।
डॉ0 रामकेवल यादव राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के सलाहकार ने कहा कि इस कम्पनी को कृषि विभाग के ओर से संचालित कार्यक्रमों जैसे गोदाम या फार्म मशीन के लिए हम पूरा मार्गदर्शन करेंगे। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ0 रणधीर नायक ने कंपनी के सदस्यों को कृषि में नई तकनीकों के प्रयोग व उसके लाभ के बारे में विस्तार से बताया। कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ0 रुद्रप्रताप सिंह ने सूक्ष्म जीवों के महत्व व त्वरित कम्पोस्टिंग की विधि पर चर्चा करते हुए कम्पनी से जुड़ी 5 महिला किसानों सरोजनी, आशा, संगीता, रीता और उषा को बार्न फ़ॉन्डेन स्वीडेन की एना के हाथों त्वरित कम्पोस्ट किट प्रदान किया। एक किट की स्थापना करके उन्होने लोगों को इसके उपयोग करने के तरीके को भी बताया।  
जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी ओमजी श्रीवास्तव ने बताया कि एग्रोज़ आज़मगढ़ महिला फार्मर प्रोड्यूसर कम्पनी के सदस्यों द्वारा तैयार किये गए उत्पाद चने व जव का सत्तू, देशी गुड़, बड़ी अचार, शहद व वर्मी कम्पोस्ट के विक्रय का स्टाल लगाया गया था, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और खरीदारी भी की।  कार्यक्रम की अध्यक्षता कम्पनी की अध्यक्ष नीलम मिश्रा ने किया तथा संचालक मंडल सहित 50 महिलाओं ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
समुन्नति संस्थान के यश चतुर्वेदी ने कहा कि एग्रोज़ आज़मगढ़ महिला फार्मर प्रोड्यूसर कम्पनी व इसके सदस्यों को अपनी आर्थिक गतिविधियों के लिए जब भी जितने धन की आवश्यकता होगी समुन्नति उपलब्ध कराने का वादा कर रही है। 
कार्यक्रम का संचालन ग्रामीण पुनर्निर्माण संस्थान के सचिव राजदेव ने किया। डॉ0 बलदेव शुक्ला निदेशक यूपी प्रो किसान प्रोडयूसर कम्पनी ने बताया कि हम महिलाओं की इस कम्पनी की हर प्रकार की मदद करते रहेंगे।

और नया पुराने