Breaking News

डीएम ने किया कोयलसा विकासखंड के ग्राम लालपुर का आकस्मिक निरीक्षण।

आज़मगढ़।

रिपोर्ट: गौरव सिंह राठौर

आजमगढ़ 11 अप्रैल-- जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने आज तहसील बुढ़नपुर के कोयलसा विकासखंड के ग्राम लालपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने ग्राम भ्रमण से पहले गांव के बाहर ऐतिहासिक पवित्र स्थल (माताजी का स्थान) का निरीक्षण कर चारों तरफ इंटरलॉकिंग एवं बैठने के लिए पत्थर की बेंच लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने सीएमओ को हेल्थ वैलनेस सेंटर बनाने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होने सीएमओ को आवश्यक स्टाफ एवं एएनएम की तैनाती का निर्देश दिया। उन्होंने डीएफओ को निर्देश दिया कि 14 अप्रैल को मंदिर परिसर के चारों तरफ ट्री गार्ड लगाकर उसमे लगाए जाने वाले पौधे का नाम लिखकर लगा दिया जाए। उन्होंने कहा कि गांव के 27 बड़े लोग 27 नक्षत्र के पौधे अनुकूल सीजन आने पर लगाएं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती के अवसर पर गांव में विशेष स्वच्छता अभियान चलाएं एवं गांव में जगह-जगह तीन प्रकार के डस्टबिन लगवाए। उन्होंने कहा कि सूखा, गीला एवं प्लास्टिक को अलग-अलग डिब्बों में रखा जाए। उन्होंने कहा कि 3 दिन के अंदर गांव के इच्छुक लोगों के लिए कंपोस्ट पिट के लिए गड्ढे खुदवा दिया जाए।
जिलाधिकारी ने एई जल निगम ग्रामीण को निर्देश दिया कि पानी का लेवल एवं गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करते हुए गांव में पानी की टंकी के निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम को एक आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में विकसित करें, जिसमें सरकार की सभी योजनाएं दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंचायत भवन को पेंट कर उसकी दीवारों पर सभी विभागों की योजनाओं को लिखवा दिया जाए। 
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया कि आगामी 14 अप्रैल को गांव में स्वास्थ्य कैंप का आयोजन किया जाए। उन्होंने कहा कि गांव के सभी गर्भवती महिलाओं की एचआरपी जांच अवश्य कराई जाए। उन्होंने कहा कि गांव के सभी बच्चों का वजन की जांच करवाएं, उनका शत प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गांव के सभी लोगों का शुगर टेस्ट भी कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को संचारी रोग के बारे में भी जागरूक किया जाए।
भ्रमण के दौरान एसडीएम बूढ़नपुर नवीन प्रसाद, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 आईएन तिवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
 
और नया पुराने