Breaking News

बैरीडांड़ में युवाओं को समर्पित वॉलीबॉल प्रतियोगिता संपन्न, फाइनल में बलिया ने मारी बाज़ी


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आज़मगढ़ (सगड़ी)। सगड़ी तहसील क्षेत्र के ग्राम बैरीडांड़ स्थित वॉलीबॉल स्टेडियम में 4 व 5 फरवरी 2026 को आयोजित युवाओं को समर्पित दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के दूसरे दिन 5 फरवरी को उद्घाटन उद्योगपति कपिलदेव पटेल एवं न्यायाधीश राम नारायण वर्मा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।


इस अवसर पर CIO उत्तर प्रदेश विपिन गंगवार की गरिमामयी उपस्थिति रही। दूसरे दिन कुल छह टीमों के बीच लीग मैच खेले गए, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए बलिया और मां सेवरी वस्त्रालय, सतना की टीमें फाइनल में पहुंचीं। रोमांचक फाइनल मुकाबले में बलिया की टीम ने जीत दर्ज कर प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम की।

मैच के दौरान सगड़ी विधायक डॉ. एच. एन. सिंह पटेल ने खिलाड़ियों के लिए प्रस्तावित सपोर्ट भवन का शिलान्यास किया, जिसे खेल सुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसी क्रम में समाज और खेल के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। अप्रत्याशित सामाजिक कार्यों के लिए “भागीरथ सम्मान”, खेल क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए “खेल रत्न सम्मान”, तथा प्रतियोगिता में सहयोग करने वालों को “विशेष सहयोगी सम्मान” सहित अन्य सम्मान प्रदान किए गए।

प्रतियोगिता के संयोजक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि यह आयोजन आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि एसपी पटेल फाउंडेशन और धराधाम इंटरनेशनल के तत्वावधान में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों, पूर्व खिलाड़ियों और खेल से जुड़े समर्पित लोगों का सम्मान भविष्य में भी किया जाता रहेगा।

दो दिवसीय प्रतियोगिता ने क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ाया और ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का सशक्त संदेश दिया।

और नया पुराने