आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़। जिले के सगड़ी तहसील क्षेत्र में धार्मिक आस्था का माहौल लगातार गहराता जा रहा है। पूज्य महंत शिव सागर भारती महाराज के सानिध्य में 18 मई से भव्य धार्मिक आयोजनों की शुरुआत होगी। नव कुण्डी श्री विष्णु महायज्ञ, श्रीराम कथा और देवी शिरुद्र महायज्ञ को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है तथा आयोजन स्थलों पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
सगड़ी तहसील क्षेत्र के भीमबर क्षेत्र के सुंदरपुर (माही) स्थित श्री नरोत्तम ब्रह्मबाबा धाम में 18 मई दिन सोमवार को प्रातः 8 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ नव कुण्डी श्री विष्णु महायज्ञ एवं श्रीराम कथा का शुभारंभ होगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे मंडप प्रवेश एवं वैदिक पूजन किया जाएगा। 19 मई को मंडप पूजन, अग्नि प्रवेश एवं हवन का आयोजन होगा। श्रीराम कथा प्रतिदिन 19 मई से 23 मई तक सायं 8 बजे से रात्रि 11 बजे तक चलेगी, जबकि 24 मई को पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
इस धार्मिक आयोजन में रजादेपुर मठ के पीठाधीश्वर महंत शिव सागर भारती महाराज संरक्षक के रूप में विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। उनके मार्गदर्शन में पूरे आयोजन को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। कथा व्यास के रूप में देवी उपासक पंडित विकास खंडे जी श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का रसपान कराएंगे।
वहीं क्षेत्र के बनियापार स्थित शिव मंदिर परिसर में 19 मई से देवी शिरुद्र महायज्ञ का आयोजन होगा। कार्यक्रम के तहत सुबह 6 बजे कलश यात्रा, दोपहर 12:30 बजे मंडप प्रवेश तथा 1 बजे अग्नि प्रवेश कराया जाएगा। महायज्ञ के समापन अवसर पर 29 मई को विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
बनियापार महायज्ञ में भी महंत शिव सागर भारती महाराज की विशेष उपस्थिति रहेगी। उनके संरक्षण में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में श्री श्री 108 उपाध्याय दास महाराज (उर्फ पगला पीठाधीश) यज्ञकर्ता के रूप में शामिल होंगे। साथ ही हरिशानन्द जी महाराज (रामबिहारी) एवं किरण किशोरी शास्त्री द्वारा रासलीला एवं प्रवचन का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन समितियों ने श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने और प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।