Breaking News

वादा निभाने की पहल: सगड़ी विधायक डॉ. एच.एन. सिंह पटेल ने प्रमुख सचिव से मिल उठाई मालटारी-भदाँव सड़क की मांग


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

सगड़ी: क्षेत्र की जर्जर सड़कों को लेकर ग्रामीणों की आवाज अब शासन के शीर्ष स्तर तक पहुंच गई है। सगड़ी विधायक डॉ. एच.एन. सिंह पटेल ने अपने पूर्व आश्वासन को अमल में लाते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के प्रमुख सचिव, लखनऊ से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख सड़कों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण की मांग संबंधी पत्र सौंपा।


कुछ दिन पहले मालटारी-भदाँव संपर्क मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया था और सड़क निर्माण की मांग उठाई थी। उस दौरान विधायक डॉ. पटेल ने भरोसा दिलाया था कि इस सड़क को प्राथमिकता दिलाने के लिए वह स्वयं प्रमुख सचिव से मुलाकात करेंगे। अब विधायक ने अपना वादा निभाते हुए लखनऊ पहुंचकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष यह मुद्दा मजबूती से रखा।

प्रमुख सचिव को सौंपे गए पत्र में विधायक ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र 345 सगड़ी की कई संपर्क सड़कें अत्यंत जर्जर हो चुकी हैं। खराब सड़कों के कारण प्रतिदिन छात्र-छात्राओं, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है। इसे जनहित का गंभीर विषय बताते हुए उन्होंने शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

पत्र में मालटारी-भदाँव संपर्क मार्ग, जीयनपुर-मुबारकपुर मुख्य मार्ग से कोलवा बेरमा, बागखालिस, चुनहवा (पकवाइनार) होते हुए बिलरियागंज-जीयनपुर मार्ग तक तथा जीयनपुर चौक से अजमतगढ़ होते हुए मऊ बॉर्डर तक सड़क के पुनर्निर्माण और सुदृढ़ीकरण को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया गया है।

इस संबंध में विधायक डॉ. एच.एन. सिंह पटेल ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि जनसुविधा और क्षेत्रीय विकास से जुड़े हर मुद्दे को पूरी प्रतिबद्धता के साथ शासन और संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि विधायक की इस पहल के बाद लंबे समय से जर्जर पड़ी इन महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ेगी।

और नया पुराने