सगड़ी (आजमगढ़)। श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में सगड़ी तहसील क्षेत्र के महराजगंज स्थित प्रसिद्ध भैरव बाबा मंदिर परिसर का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी महराजगंज (SHO), विद्युत विभाग के एसडीओ, अधिशासी अधिकारी (ईओ) नगर पंचायत महराजगंज तथा नगर पंचायत अध्यक्ष मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंदिर परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को श्रावण मास में श्रद्धालुओं की बढ़ने वाली संख्या को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि श्रावण मास को लेकर सभी विभागों द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।