लालगंज (आजमगढ़)। माननीय उच्च न्यायालय, प्रयागराज द्वारा अधिवक्ताओं से संबंधित जारी आदेश के विरोध में बुधवार को लालगंज तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने संघ भवन के सामने प्रदर्शन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। अधिवक्ताओं ने आदेश की कड़ी निंदा करते हुए इसे वापस लेने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि आदेश वापस नहीं लिया गया तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नगेंद्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि उच्च न्यायालय द्वारा सात वर्ष या उससे अधिक सजा वाले मामलों में नामजद अधिवक्ताओं के पंजीकरण को निलंबित करने तथा उनके मुकदमों को 100 किलोमीटर दूर स्थित किसी अन्य न्यायालय में स्थानांतरित किए जाने संबंधी आदेश से अधिवक्ता समुदाय में गहरा असंतोष है।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह आदेश अधिवक्ताओं के अधिकारों एवं उनके पेशेवर हितों को प्रभावित करने वाला है। उन्होंने उच्च न्यायालय से उक्त आदेश पर पुनर्विचार करते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की।
अधिवक्ताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो बार एसोसिएशन प्रदेश स्तर पर व्यापक आंदोलन की रणनीति तैयार करेगा।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से अमरनाथ यादव, धर्मेश पाठक, प्रसिद्ध नारायण सिंह, अशोक कुमार अस्थाना, इंद्रभानु चौबे, सुनीश कुमार श्रीवास्तव, देवधारी राय, रामस्वारथ, संतोष कुमार सिंह, राजेश कुमार सिंह, कृष्ण कुमार सेठ सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।