आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
घर-घर पहुंचकर मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित, शिक्षा को बताया समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति
शिक्षा के बल पर ही एक सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव- विद्यासागर पटेल
सगड़ी (आजमगढ़)। सगड़ी विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी एवं शिक्षक विद्यासागर पटेल ने NEET तथा SI परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के घर पहुंचकर उनका सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने सफल विद्यार्थियों को शॉल, मोमेंटो, पुष्पमाला एवं मिठाई भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।
सम्मान समारोह के दौरान विद्यासागर सिंह पटेल ने कहा कि क्षेत्र के बच्चों की सफलता पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि आज ये प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं अपनी मेहनत और लगन के बल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचे हैं। उम्मीद है कि भविष्य में भी वे अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए अपने माता-पिता, क्षेत्र और देश का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि शिक्षा के बल पर ही एक सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बेटा-बेटी में भेदभाव किए बिना दोनों को समान अवसर और बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराएं। बच्चों की रुचि और क्षमता के अनुसार उन्हें आगे बढ़ने में पूरा सहयोग देना चाहिए, जिससे वे अपने लक्ष्य तक पहुंच सकें।
सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में हाजीपुर निवासी जयहिंद सिंह पटेल के पुत्र आर्यन सिंह पटेल, जिन्होंने NEET परीक्षा में सफलता हासिल की है, शामिल रहे। वहीं भैसाड़ निवासी बृजदेव साहनी की पुत्री सुनैना साहनी, महरौर निवासी राणा प्रताप सिंह की पुत्री स्नेहा सिंह, हैदराबाद निवासी कालीचरण यादव के पुत्र शुभम यादव तथा हसनपुर निवासी सूर्यभान सिंह पटेल (शिक्षक) के पुत्र सौरभ सिंह पटेल का SI परीक्षा में चयन होने पर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य सूर्यभान यादव, पूर्व प्रधान संघ अध्यक्ष हरैया रामशरण यादव, अटेवा अध्यक्ष अजमतगढ़ सतीश पटेल, अटेवा संरक्षक दिनेश यादव, सूर्यभान सिंह, शिवकुमार यादव, नीतिश पाठक, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सपा सगड़ी रामदरस यादव, प्रधान विनय यादव, विजय पटेल, सरदार सेना मंडल अध्यक्ष परमानंद पटेल, अध्यापक प्रमोद कनौजिया, बुद्धिराज यादव, राजेंद्र यादव, राधेश्याम यादव, रूपेश यादव, मनीष यादव, राजू साहनी, निरहू साहनी, भरत, मिलन साहनी, विनय यादव, बबलू प्रधान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।