Breaking News

गुजरात से युवक का शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम, पत्रकार संगठन ने परिजनों को दी आर्थिक सहायता


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

सरायमीर (आजमगढ़), 5 अगस्त। तहसील निजामाबाद के सरायमीर थाना क्षेत्र स्थित कोरौली बुजुर्ग गांव में उस समय मातम छा गया, जब गुजरात से 30 वर्षीय युवक इंद्रेश कुमार का शव उसके पैतृक गांव पहुंचा। शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां मंजू देवी और अन्य परिजनों के विलाप से मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

मृतक इंद्रेश कुमार पुत्र विनोद कुमार परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के लिए गुजरात के वलसाड स्थित एक कंपनी में नौकरी करता था। परिजनों के अनुसार तीन दिन पूर्व सूचना मिली थी कि इंद्रेश सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना मिलते ही पिता विनोद कुमार गुजरात पहुंचे और उसे सिविल अस्पताल, वलसाड में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि इंद्रेश का विवाह भी तय हो चुका था और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन अचानक आई इस दुखद खबर ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए उसके घर पहुंचे।

राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद (पंजीकृत) के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा के प्रयास से गुजरात पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव को पैतृक गांव भेजने की व्यवस्था कराई। मृतक के पिता विनोद कुमार पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं। परिजनों ने इंद्रेश की मौत को लेकर हत्या की आशंका भी जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

घटना की सूचना मिलने पर राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद, आजमगढ़ की जिला इकाई के पदाधिकारी भी मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस दौरान जिला संरक्षक श्रवण कुमार, जिला अध्यक्ष संजय कुमार, जिला प्रभारी कमलेश चौहान, जिला उपाध्यक्ष तूफानी चौहान, जिला संगठन मंत्री दीपक भारती, आईटी सेल प्रभारी सादिक उस्मानी, जिला प्रवक्ता संजू, जिला महासचिव महेश कुमार, जिला सचिव रामशब्द, जिला महासचिव सरफराज, जिला सचिव अनिकेत पाण्डेय, जिला सचिव अजय चौहान, अनुराग उपाध्याय, अभिषेक सिंह, राकेश यादव, सौरभ गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

और नया पुराने