Breaking News

सुप्रीम कोर्ट की नोटिस और नियमितीकरण पर अनुदेशकों ने बनाई रणनीति, आजमगढ़ में हुई महत्वपूर्ण बैठक


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

सगड़ी (आजमगढ़)। अनुदेशकों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं, मानदेय वृद्धि तथा नियमितीकरण के मुद्दे को लेकर अनुदेशक संघ आजमगढ़ के तत्वावधान में नगर के कोल बाजबहादुर स्थित एक विद्यालय परिसर में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद भर से पहुंचे अनुदेशकों ने समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी संघर्ष और संगठनात्मक रणनीति तय की।

बैठक में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए अनुदेशक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम सिंह का जिलाध्यक्ष गणेश यादव एवं महिला जिलाध्यक्ष अंजू राय के नेतृत्व में अनुदेशकों ने भव्य स्वागत किया। इसके बाद संगठन की मजबूती, अनुदेशकों के अधिकारों और उनकी लंबित मांगों पर विस्तृत मंथन किया गया।

प्रदेश अध्यक्ष विक्रम सिंह ने कहा कि अनुदेशकों के हितों की लड़ाई संगठन पूरी मजबूती के साथ लड़ रहा है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियमितीकरण से जुड़े मामले में जारी नोटिस को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि संगठन कानूनी और संगठनात्मक दोनों स्तरों पर पूरी तैयारी के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सभी अनुदेशकों से एकजुट रहकर संघर्ष को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

बैठक में सुप्रीम कोर्ट की नोटिस के आलोक में आगामी कानूनी रणनीति, मानदेय वृद्धि की मांग, ब्लॉक स्तर तक संगठन को सक्रिय एवं सशक्त बनाने तथा विद्यालयों में आने वाली प्रशासनिक एवं व्यावहारिक समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि अनुदेशकों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए संगठन लगातार प्रयासरत है।

कार्यक्रम को ताड़केश्वर शाही, अभिषेक राय, प्रवीण कुमार सिंह, मनोज कुमार राय तथा पंकज चौधरी ने भी संबोधित किया और संगठन की मजबूती पर बल दिया।

बैठक के समापन पर जिलाध्यक्ष गणेश यादव ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों एवं जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे अनुदेशकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में अनुदेशकों की उपस्थिति संगठन की एकजुटता, जागरूकता और शक्ति का प्रमाण है।

इस अवसर पर महिला जिलाध्यक्ष अंजू राय, सुषमा, निवेदिता, रीमा, रिंकी गोंड, संतरा पटेल, दीपू, रेनू, लालचंद यादव, मिथिलेश यादव, हरेंद्र यादव, प्रमोद यादव, श्रीकांत यादव, अमरजीत यादव, रविशंकर मिश्रा, दिलीप यादव, दिनेश पाल, दिनकर प्रजापति, रामचंद्र सहित बड़ी संख्या में अनुदेशक उपस्थित रहे।


और नया पुराने