आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़। वीरांगना उदादेवी एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा प्रस्तावित पासी भवन के निर्माण हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम बिंदवल जयराजपुर रोड स्थित हारीपुर प्राइमरी स्कूल के सामने अत्यंत भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद लालगंज दरोगा सरोज एवं कमल कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रामनयन पासी ने की, जबकि आयोजन की प्रमुख जिम्मेदारी सचिव हीरालाल पासी द्वारा सफलतापूर्वक निभाई गई। विधि-विधान से सम्पन्न भूमि पूजन में क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की सहभागिता रही। इस अवसर पर वक्ताओं ने समाज के उत्थान, शिक्षा के प्रसार एवं सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने पर बल देते हुए इस पहल को ऐतिहासिक बताया। इसी क्रम में मुंबई में निवास कर रहे समाजसेवी डॉ. रमाशंकर भारतीय के विशेष प्रयासों एवं सहयोग की सराहना की गई, जिनके महत्वपूर्ण योगदान से आजमगढ़ में पासी भवन की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उनके इस योगदान को उपस्थित लोगों ने समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम के अंत में रमाशंकर भारतीय द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा विश्वास जताया गया कि प्रस्तावित पासी भवन समाज के विकास, शिक्षा और एकता के क्षेत्र में एक नया अध्याय लिखेगा।